जनवरी 16, 2013

मेडिकल एजेंसी में लूट

सहरसा टाईम्स।।15 जनवरी की देर शाम चार की संख्यां में मोटरसाईकिल सवार अपराधियों ने सदर थाना क्षेत्र के रिहायशी मोहल्ला गंगजला स्थित एक आवासीय  परिसर में अवस्थित शिव गंगा मेडिकल एजेंसी में जमकर लूटपाट की। बेखौफ अपराधियों ने हथियार की नोंक पर करीब 75 हजार नकदी,दो मोबाइल और एक एटीएम कार्ड लुटे और हवा में हथियार चमकाते हुए वहाँ से चलते बने। रिहायशी मोहल्ले में घटी इस घटना से आमलोगों में खासा दहशत का माहौल है। मौके पर खुद पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर न केवल मामले की कमान अपने हाथों में ले लिया है बल्कि आनन्-फानन में टास्क फ़ोर्स गठित कर तहकीकात भी शुरू कर दी है। शिव गंगा मेडिकल एजेंसी पर खुद एस.पी अजीत सत्यार्थी पूछताछ में जुटे हुए हैं। शाम साढ़े आठ यह बजे घटना घटी। घटना को लेकर पीड़ित दूकान मालिक बताते हैं की अपराधी चार की संख्यां में थे। एक बाहर खडा था जबकि तीन अन्दर घुस आये और उनके साथ-साथ उनके दो स्टाफ को हथियार सटा दिया।
 दूकान के गल्ले से करीब 60--65 हजार नकदी,स्टाफ के दो मोबाइल,एक एटीएम कार्ड और स्टाफ की जेब से चार हजार रूपये लेकर वे चलते बने। एस.पी साहब इस घटना को काफी गंभीर बताते हुए कहते हैं की इस लूट की घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर पैदल पुलिस फ़ोर्स पहुँच गयी थी लेकिन अपराधी मोटरसाईकिल पर सवार होकर फरार हो गए थे।उनकी मानें तो जल्द इस मामले का पटाक्षेप कर लिया जाएगा।
इस जिले में पुलिस पर अपराधी भारी हैं।अगर घटना नहीं घट रही हो तो समझिये अपराधी लोगों पर रहम कर रहे हैं।

जनवरी 15, 2013

कुम्भ नहाना बना एक बड़ी मुसीबत

रिपोर्ट सहरसा टाईम्स: सहरसा रेलवे स्टेशन पर कुम्भ जाने वाले यात्रियों का हुजूम जमा है लेकिन इनके लिए अलग से कोई विशेष ट्रेन का इंतजाम नहीं है। न तो किसी तरह के आरक्षण टिकट की कोई बात है और न ही कोई अलग से कोई विशेष सुविधा। कुम्भ नहाकर लोग पुण्य का भागी बनना चाहते हैं लेकिन कुम्भ की यात्रा इस इलाके के लोगों के लिए एक बड़ी मुसीबत है। महिलायें,पुरुष और बच्चे सभी पुण्य के भागीदार बनने के लिए कुम्भ जाकर स्नान करना चाहते हैं। कोसी के विभिन्य इलाके से लोगों का जत्था रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही जमा है लेकिन उनकी यात्रा मंगलमय हो इसके लिए रेलवे की तरफ से कोई अतिरिक्त इंतजाम नहीं हैं।
अजय शर्मा,बुकिंग क्लर्क
 यात्री कैसे अपने गंतव्य तक ससमय पहुंचेंगे इसको लेकर रेल प्रशासन कहीं से भी गंभीर और चिंतित नहीं है। अनिल कुमार,उषा देवी,निर्मला देवी और अजय कुमार जैसे कई यात्री से सहरसा टाईम्स  ने पूछताछ की तो लगभग सभी यात्री हलकान----परेशान हैं की आखिर वे कैसे अपनी यात्रा को पूरी कर पायेंगे। आरक्षण काउंटर पर बैठे बुकिंग हाकिम अजय शर्मा,बुकिंग क्लर्क बताते हैं की कुम्भ जाने वाले के लिए कोई अलग से कोई इंतजाम नहीं है। कुम्भ नहाना इस इलाके के लोगों के लिए न केवल पहाड़ खोदकर दूध निकालने के समान है बल्कि जी का जंजाल भी बना हुआ है।

अस्पताल है या मजाक

मुकेश कुमार सिंह, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट--------
सहरसा सदर अस्पताल इनदिनों पूरी तरह से मजाक बना हुआ है। यहाँ पर कोई नियम--कायदा नहीं है। सबकुछ बस भगवान् भरोसे है। इस अस्पताल के प्रसव कक्ष और आपातकालीन कक्ष में रुम हीटर नहीं है। इस जानलेवा ठंढ से बचने के लिए इन कक्षों में अलाव जलाकर मरीज और मरीज के परिजन यहाँ अपनी जिन्दगी बचाने की कवायद कर रहे हैं। यह सारा तमाशा और जानलेवा खेल नियम के बिलकुल खिलाफ हो रहा है। लेकिन स्वास्थ्य प्रशासन इससे पूरी तरह बेखबर बना खामोशी से महज तमाशबीन है। जाहिर तौर पर धुएं से मरीजों और नवजात बच्चा--जच्चा को जान का खतरा है। यही नहीं प्रसव कक्ष में महिला बेड पर पुरुष कब्जा जमाकर हैरतंगेज तरीके से आराम भी फरमा रहे हैं, गोया वे खुद गर्भवती हों,या फिर कोई प्रसूता।
                           सबसे पहले आपातकालीन कक्ष का नजारा। खिये इस कक्ष का आलम।अलाव जल रहा है और पुरे कक्ष में धुंआ भरा हुआ है।सरकार के निर्देश के मुताबिक़ कम से कम तीन जगहों आपातकालीन कक्ष,प्रसव कक्ष और ऑपरेशन कक्ष में रूम हीटर की व्यवस्था होनी चाहिए लेकिन यहाँ सबकुछ हवा--हवाई है।अब चलिए महिला प्रसव कक्ष।देखिये यहाँ भी जोगाड़ टेक्नोलोजी से अलाव का इंतजाम किया गया है।यहाँ पर बच्चा--जच्चा दोनों की जान खतरे में है।लेकिन क्या करें जब रूम हीटर या फिर कोई बड़ी व्यवस्था नहीं हो तो इस कड़ाके की ठंढ में जान बचाने के लिए कुछ तो करना पडेगा ही।नूतन देवी और कुंती देवी जैसी कई महिलायें कह रही हैं की यहाँ पर कोई व्यवस्था नहीं है।जान बचाने के लिए इस तरह से आग जलाना उनकी विवशता है।।
मोहम्मद सद्दीक गर्भवतीके बेड पर

अब सहरसा टाईम्स की एक्सक्लूसिव तस्वीर से हम आपको रूबरू करा रहे हैं। देखिये यह है गायनिक कक्ष। इस कक्ष के बेड पर या तो गर्भवती या फिर प्रसूता महिला को होना चाहिए लेकिन इस बेड पर मोहम्मद सद्दीक भाई ने ना केवल कब्ज़ा जमा रखा है बल्कि इस बेड पर वे लोटन कबूतर भी बने हुए हैं। हमने जब यह तस्वीर देखी तो पहले तो हमारा कलेजा मुंह को आ गया लेकिन जब हम थोड़ा संभले तो इस अस्पताल की दुर्दशा पर एक मुश्ते तरस आया। हमने सद्दीक भाई को काफी कुरेदा की वे गर्भवती हैं या फिर प्रसूता।गर्भवती है तो सिस्टर ने क्या कहा और प्रसूता है तो उन्हें लड़का हुआ या फिर लड़की। लेकिन सद्दीक भाई बड़े मंझे हुए खिलाड़ी थे। बस हमें यूँ ही उलझाते रहे और कुछ भी साफ़---साफ़ नहीं बताया। ज्यादातर वे खामोश ही रहे। लेकिन वे इतना जरुर कह गए की इस बेड की महिला कहीं गयी थी इसलिए वे यहाँ पर आसीन हो गए। आप इनकी हालत को देखें।
इस अस्पताल में जो भी हो रहा है, हमारी समझ से बहुत कम हो रहा है।इस अस्पताल का कोई माई--बाप नहीं है।यह तरह--तरह के कारनामे करने वाला और गुल खिलाने वाला अस्पताल है।

जनवरी 14, 2013

सदर अस्पताल का बेदर्द--बेशर्म सच

रिपोर्ट मुकेश कुमार सिंह सहरसा टाईम्स:-

कड़ाके की इस भीषणतम ठंढ में सहरसा टाईम्स आज कोसी प्रमंडल के PMCH कहे जाने वाले सदर अस्पताल सहरसा के बेदर्द और बेशर्म सच से आपको रूबरू कराने जा रहा है।आप यह जानकार हैरान हो जायेंगे की इस कड़ाके की ठंढ में सदर अस्पताल में मरीज और उनके परिजनों को अपनी जान बचानी मुश्किल हो रही है।आलम यह है की विभिन्य वार्डों के खिड़की---किवाड़ों के पल्ले नहीं हैं हैं जिससे सर्द हवाएं वार्ड के भीतर धड़ल्ले से आ रही हैं।बात इतने पर खत्म नहीं होती।इस अस्पताल में मरीजों के बेड पर ना तो अस्पताल के दिए चादर हैं और ना ही अभीतक मरीजों के बीच कम्बल ही बांटे गए हैं।
सदर अस्पताल सहरसा करीब 25 एकड़ भूखंड पर पसरा हुआ है जिसके अन्दर अस्पताल के कई बड़े--बड़े भवन बने हुए हैं।करीब ढाई सौ बेड वाले इस अस्पताल में सवा तीन सौ बेड लगाए गए हैं।कोसी प्रमंडल के तीन जिलों के अतिरिक्त नेपाल इलाके से भी यहाँ मरीज इलाज के लिए आते हैं। अभी जानलेवा ठंढ का कहर लोगों की जान का दुश्मन बना हुआ है।लेकिन इस अस्पताल के विभिन्य वार्डों की खिड़कियों और किवाड़ों में पल्ले नहीं हैं जिससे सर्द हवाएं वार्ड के अन्दर झोंकों में आ रही हैं।मरीज और उनके परिजन परेशान--परेशान हैं।
ऐसे में गरीब मरीजों के बेड पर ना तो सरकारी चादर है और न मरीजों को अभीतक अस्पताल प्रशासन के द्वारा कम्बल ही दिए गए हैं।सहरसा टाईम्स ने इन तमाम मुश्किलों को लेकर सहरसा के सिविल सर्जन भोला नाथ झा को ना केवल अवगत कराया बल्कि उन्हें अपने साथ लेकर विभिन्य वार्डों का दौरा भी कराया।सिविल सर्जन को लोगों ने अपनी परेशानियों से खुलकर अवगत कराया।सहरसा टाईम्स से उन्होनें इस पुरे वाकये को लेकर कहा की खिड़की और किवाड़ के पल्लों को तत्काल लगवा पाना उनके बस में नहीं है।उनकी मानें तो उन्होनें अस्पताल की बेडों के लिए चादर की खरीददारी करवा ली है और मरीजों को कम्बल दिए गए हैं और दिए भी जा रहे हैं।आप पहले इनके पुरे बयान को सुन लें।आगे हम इनके बयान से इतर वाजिब सच से आपको रूबरू करायेंगे।
 देखिये सहरसा टाईम्स अपने साथ सिविल सर्जन को लेकर किस तरह से अस्पताल के विभिन्य कक्षों में दाखिल हो रहा है।विभिंत वार्डों में इन्हें मरीजों के परिजनों के विरोध का शिकार होना पड़ा।देखिये महाशय खुद तमाम चीजों को बारीकी से देख रहे हैं।अब आप इनके दिए बयान पर गौर करें और मरीज के परिजन क्या कह रहे हैं उसके बारे में जानिये।परिजनों का साफ़---साफ़ कहना है की उनके बेड पर ना तो सरकारी चादर हैं और ना ही अभीतक मरीजों को कम्बल ही दिए गए हैं।खिड़की और किवाड़ के पल्ले टूटे हुए हैं जिससे उन्हें काफी ठंढ लग रही है।मरीज के परिजनों की मानें तो सिविल सर्जन साहब सफ़ेद झूठ बोल रहे हैं।उन्हें यहाँ किसी तरह की सुविधा नहीं मिल रही है।हमने एक महिला परिजन अमीषा खातून को सिविल सर्जन के पीछे भी लगाया लेकिन उसकी गुहार बस नक्कार खाने में तूती की आवाज बनकर रह गयी।मुकेश कुमार,कौशल्या देवी और तुलो देवी जैसी कई अन्य पीड़िता ने अपना दुखड़ा यह कहकर सुनाया की इस अस्पताल में उनके लिए कोई वक्ती बेहतर इंतजाम नहीं हैं। 
सहरसा टाईम्स के  साथ सिविल सर्जन
इस पूरी प्रकरण के दौरान एक समाजसेवी प्रवीण आनंद भी हमारे साथ थे।अस्पताल की व्यवस्था सुधरे इसके लिए यह भी काफी चिंतित रहते हैं।इनकी मानें तो यह अस्पताल खुद ही बीमार है।पहले इस अस्पताल के इलाज की जरुरत है।इस अस्पताल से मरीज जान बचाकर भाग जाते हैं।सिविल सर्जन साहब ने यहाँ आकर आश्वासन का बोड़ा खोल दिया लेकिन उनके आश्वासन का कोई परिणाम नहीं आने वाला।सिविल सर्जन की कोई बात एक अदना सा चपरासी भी नहीं यहाँ मानता है।इनकी नजर में ठंढ बीत जाने के बाद भी मरीजों को कम्बल नहीं मिलेंगे।
इस अस्पताल की बेदर्दी और बेशर्मी के लिए फिलवक्त हमारे पास अलग से कोई शब्द नहीं है।रब खैर करे।

जनवरी 12, 2013

बिजली करेंट से बच्चे की मौत

सहरसा टाईम्स।।।।।।बीते शाम सदर थाना क्षेत्र के शिवपुरी बायपास स्थित प्लंबर का काम करने वाले पवन यादव के सात वर्षीय पुत्र चमन के हाथों में दबी लोहे की छड़ खेल--खेल में घर के उपरी छत के बगल से गुजरने वाले ग्यारह हजार के तार से छू गया।इस घटना से देखते ही देखते चमन का बदन धू--धू कर जल उठा।घर के लोग जबतक वहाँ पहुँचते तबतक चमन इस दुनिया को अलविदा कह चुका था।स्थानीय लोग इस घटना के बाबत जहां पूरी जानकारी दे रहे है वहीँ दूसरी तरफ इस घटना के लिए बिजली विभाग को जिम्मेवार भी ठहरा रहे हैं।घर के बगल से गुजरने वाले ग्यारह हजार तार इस बच्चे की मौत की वजह बनी।लोगों को आशंका है की इस जानलेवा तार की वजह से और बच्चों की जान को भी जाहिर तौर पर खतरा है।मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारी भी बस स्थानीय लोगों की तर्ज पर ही यही कुछ जानकारी दे पा रहे हैं।

बिजली के लिए अधिकारियों को घंटों बनाया बंधक

सहरसा टाईम्स।।।।पिछले एक पखवाड़े से बिजली के लिए त्राहिमाम कर रहे लोगों का धैर्य आख़िरकार जबाब दे गया और सैंकड़ों की तायदाद में महिला और आमलोगों ने एक साथ न केवल बिजली महाप्रबंधक (G.M)के कार्यालय पर हल्ला बोला बल्कि महाप्रबंधक सहित सहरसा,मधेपुरा और सुपौल जिले के कई बिजली अधिकारियों को एक साथ बंधक भी बना लिया। आप यह जानकार हैरान हो जायेंगे की पिछले दस दिनों से सहरसा को दस घंटे भी बिजली नहीं मिली है।सहरसा कोसी प्रमंडल का मुख्यालय है लेकिन इसके साथ लगातार अनदेखी होती रही है।लोगों का आरोप है की कोसी प्रमंडल के ही सुपौल जिला में 24 घंटे बिजली रहती है।चूँकि बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव सुपौल के रहने वाले हैं इसलिए बिजली अधिकारी उनके गृह जिला और उनपर मेहरबान बने रहते हैं।बबाल पर आमदा लोगों ने साफ़ लहजे में कहा की इस बार वे समान रूप से बिजली लेकर रहेंगे।वे बिजली बिल देते हैं।वे बंधक बने अधिकारियों को तबतक मुक्त नहीं करेंगे जबतक वे बिजली समस्या से उन्हें निजात नहीं दिला देते।दिन के साढ़े ग्यारह बजे से अन्य अधिकारियों के साथ लगातार बंधक बने महाप्रबंधक (G.M) ने स्थिति की भयावहता को भांपकर राज्य मुख्यालय को त्राहिमाम सन्देश भेजा है।
महाप्रबंधक बी.के.चौधरी
यह है बिजली महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता का कार्यालय।आठ जिले के ये सबसे बड़े बिजली अधिकारी का कार्यालय है।देखिये महाप्रबंधक के कक्ष में लोगों का किस तरह हुजूम पहुंचा हुआ है।लोगों ने यहाँ मौजूद महाप्रबंधक बी.के.चौधरी सहित सहरसा,मधेपुरा और सुपौल जिले के कई बिजली  अधिकारियों को एक साथ बंधक बना लिया है।लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है और वे आज आरपार की लड़ाई के मुड में है।सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण आनंद,राजद नेता शिव शंकर विक्रान्त,कॉंग्रेस नेता हीरा प्रभाककर सहित अन्य लोगों का कहना है की ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव के प्रभाव में सुपौल को जरुरत है दस मेगावाट बिजली की लेकिन उसे चौदह मेगावाट बिजली दी जाती है।यहीं नहीं उसे तीन जगहों से बिजली मिलती है। अगिया---बेताल हुए लोग कह रहे हैं की सहरसा सब से अधिक राजस्व देने वाला जिला है लेकिन इसे 24 घंटे में एक घंटा बिजली भी नहीं मिल रही है।यह सरासर अन्याय है जिसे अब वे किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं करेंगे।हद बात तो यह है की सहरसा का एक कोना सरकारी अमला भी है जहाँ बिजली विभाग के लाखों में बकाये हैं लेकिन वहाँ बिजली बदस्तूर रहती है कभी कटती ही नहीं है।सहरसा को अभी जरुरत है 35 मेगावाट बिजली की लेकिन उसे मिल रही है महज तीन मेगावाट बिजली।सहरसा को जरुरत के मुताबिक़ और अन्य जिलों के बराबर की बिजली उन्हें नहीं मिल जाती है इन बंधक बने अधिकारियों की मुक्ति सम्भव नहीं है।
कार्यपालक अभियंता,बिजली, दूधेश्वर प्रसाद
अब इनसे मिलिए ये जनाब हैं सुपौल के कार्यपालक अभियंता,बिजली दूधेश्वर प्रसाद।देखिये लोग इनसे किस तरह से बहस कर रहे हैं।बहस में जनाब के मुंह से निकल गया की ऊर्जा मंत्री का गृह जिला होने की वजह से मुख्यमंत्री जी का विशेष ध्यान सुपौल जिले पर है।सहरसा टाईम्स ने इनसे भी कई कड़े सवाल किये। बिजली के लिए सहरसा में हाहाकार मचा हुआ है।स्थायी समाधान के बिना लोगों का गुस्सा शांत करा पाना इसबार मुमकिन नहीं है। बंधक बने अधिकारियों को तो आखिरकार आजाद कर दिया गया लेकिन उनसे यह शर्त कराया गया है की अगर 24 घंटे के अन्दर बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे उनका हुक्का--पानी तक बंद कर सकते हैं।अब 24 घंटे के बाद यह देखना दिलचस्प होगा की इस बिजली आन्दोलन का रुख क्या और कैसा होगा।

जनवरी 08, 2013

ठंढ की गिरफ्त में सहरसावासी

सहरसा टाइम्स रिपोर्ट: कड़ाके की ठंढ झेल रहे उत्तर भारतीय लोगों पर फिलवक्त ठंढ अभी और कहर बरपाने पर आमदा दिख रही है.घने कोहरे और सर्द हवाओं से ठिठुराते-कंपकपाते लोग ऐसे में बस अपने इष्टदेव को याद करने में जुटे हैं.जानलेवा इस ठंढ ने सहरसा के जनजीवन को भी पूरी तरह से चौपट कर डाला है.इसमें कोई शक-शुब्बा नहीं की यहाँ के लोगों के जीवन की रफ़्तार को ठंढ ने ब्रेक लगा दिया है.ठंढ का पारा गिरकर पाँच  सेंटीग्रेट से नीचे जा पहुंचा है.यूँ स्कूल और कॉलेज दोनों खुले हुए हैं.लेकिन छात्र और छात्राएं कॉलेज में क्लास करने की बजाय इस प्राणघाती ठंढ में आग सेंकने में ही अपनी भलाई समझ रहे है.सबसे मुश्किल का सामना तो विभिन्य अस्पतालों में पहुँचने वाले मरीज और उनके परिजन कर रहे हैं जिन्हें अस्पताल में कोई पूछने वाला तक नहीं है.अमूमन अस्पताल के बेड बिना मरीज के यूँ ही खाली पड़े हैं.हद की इन्तहा देखिये की बेहिसाब ठंढ के बाद भी सहरसा जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाके में कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गयी है.लेकिन प्रशासन के अधिकारी अपनी आदत के मुताबिक़ अलाव जलाने से लेकर तरह-तरह के दावे करने से बाज नहीं आ रहे हैं.जान की फ़िक्र है इसलिए लोग चाय पी-पीकर या फिर किसी तरह लकड़ी का इंतजाम कर आग सेंक कर अपनी जान की हिफाजत करने में जुटे हैं.  

दिसंबर 31, 2012

ये जीना भी कोई जीना है : भिखमंगों की एक बस्ती जहां सिसक रही है जिन्दगी

खास रिपोर्ट----- 
मुकेश कुमार सिंह : ये जीना भी कोई जीना है। भिखमंगों की एक ऐसी बस्ती जहां पोर--पोर जिन्दगी ना केवल सिसक रही है बल्कि सरकारी दावों की कलई भी खोल रही है। सहरसा जिला प्रशासन द्वारा वर्ष 1987 में शहरी क्षेत्र में यत्र-तत्र रह रहे भिखमंगों को समेटकर पटुआहा गाँव के एक छोर पर विभिन्य तरह की सरकारी सुविधाएं देने का शब्ज्बाग दिखाकर बसाया गया।  लेकिन इनके बसने के करीब ढाई दशक बाद भी 135 परिवार वाली इस बस्ती में आजतक विकास की कोई किरण नहीं पहुंची है। ये बसे तो हैं सरकारी जमीन पर लेकिन इन्हें वासगीत पर्चा भी आजतक मयस्सर नहीं हुआ है। इनके बीपीएल और लाल--पीले कार्ड जरुर बने हैं लेकिन इन्हें आजतक उसपर राशन और किरासन कभी भी नहीं मिला है। 
 ये भिखारी चाहते थे की इनके बच्चे भी पढ़े--लिखें और समाज की मुख्य धारा से जुड़ें लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हो पाया। सब के सब बस भीख मांगने को ही विवश रहे। कड़ाके की ठंढ से पूरा बिहार दहल रहा है लेकिन इन अभागों के लिए जिला प्रशासन ने ना तो अलाव की व्यवस्था की है और ना ही इनके बीच कम्बल का वितरण ही किया है। प्लास्टिक और मामूली छप्पर से बनी इनकी झोपड़ी में इनकी दुनिया बसती है, इनके तमाम  सपने पलते हैं।
 दोजख में पड़ी यहाँ की बेस्वादी और बेईमान जिन्दगी को आज भी किसी फरिस्ते के आने का इन्तजार है जो आकर इनकी बेरंग जिन्दगी में बहुतेरे रंग भर जाए। कड़ाके की इस ठंढ में इनकी जिन्दगी बचनी मुश्किल लग रही है। बस्ती के लोग कहते हैं की अभीतक इस ठंड में दो लोगों की जान     भी जा चुकी है,    आगे भगवान जाने की क्या होगा।
  
ये समाज के उनलोगों की बस्ती जिनका कोई पायदान नहीं होता। इस बस्ती में 135 परिवार हैं। हर उम्र के लोग हैं यहाँ पर। मासूम नौनिहाल की किलकारियां भी यहाँ गूंजती है लेकिन उसमें किसी तरह की हनक नहीं होती।
 देखिये इस बस्ती के लोगों को। जिला मुख्यालय से सटे इस बस्ती में आजतक विकास की कोई किरण नहीं पहुंची है। अभी खून को जमा देने वाली कड़ाके की ठंढ पर रही है लेकिन ठंढ से लड़ने के लिए इनके पास कोई मजबूत हथियार नहीं है। 
इस बस्ती में प्रशासन की तरफ से ना तो अलाव की व्यवस्था की गयी है और ना ही कम्बल का ही वितरण किया गया है। मासूम बच्चे लकड़ियाँ चुनकर लाते हैं तो आग का इंतजाम होता है। 
यहाँ के दर्द बेशुमार हैं। यहाँ के लोगों का कहना है की कभी भी कोई अधिकारी उनका हाल--चाल देखने या पूछने नहीं आते हैं। यहाँ जिन्दगी से जंग लड़ रहे भीम सदा, विजय ऋषि, मंजुला देवी सहित तक़रीबन सभी लोग चाहते थे की उनके बच्चे पढ़ें और अच्छा संस्कार पायें लेकिन पेट की आग बुझाने में ही इनके सारे सपने दफ़न होकर रह जाते हैं।
मुकेश सिंह, सहरसा टाइम्स 
आखिर सरकार की बड़ी योजनायें किधर और कहाँ हैं। जरूरतमंद हाय--हाय और उफ़।। उफ़ कर रहे हैं। टीस और दर्द के सैलाब में जिन्दगी यहाँ गुमनामी के अँधेरे में फना हो रही है। नीतीश बाबू कंप्यूटर की भाषा और जमीनी सच का अंतर समझना होगा। नौकरशाहों के दिए चश्मे से विकास की बड़ी--बड़ी इमारतों को मत देखिये। अगर संभव हो तो निरीह और असहाय लोगों तक आपकी कालजयी योजनायें सही ढंग से उनतक पहुंचे इसके लिए बेहद ठोस उपाय करें।

आग सेंकने में 9 महिला और 3 पुरुष झुलसे

रिपोर्ट सहरसा टाईम्स : पिछले एक पखवाड़े से कड़ाके की ठंढ झेल रहे लोगों का एक तो पहले से ही जीना दूभर था दूजा आग सेंकने के दौरान लोगों के बुरी तरह से झुलसने का सिलसिला अलग से शुरू हो गया है। बीती रात सहरसा के शहरी इलाके में जानलेवा ठंढ से मुकाबला करने के लिए लोगों का आग सेंकना मंहगा साबित हुआ। शहर के विभिन्य जगहों पर आग सेंकने के दौरान कई लोग आग से गंभीर रूप से झुलस गए जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मियों में जहां 9 महिलायें हैं वहीँ 3 पुरुष भी जख्मी हुए हैं। इनमें से चार महिला की स्थिति काफी गंभीर है। एक महिला की स्थिति अत्यंत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर कर दिया है। हद की इंतहा देखिये की कोसी प्रमंडल के PMCH कहे जाने वाले इस सदर अस्पताल में बर्न केश के उपचार के लिए ना तो अलग से कोई वार्ड है और ना ही अलग से कोई पुख्ता स्वास्थ्य व्यवस्था। यहाँ मरीजों को इन्फेशन का खतरा है। यानी कह सकते हैं की इस अस्पताल में आग से झुलसे लोगों की जान अगर बच जाती है तो यह भगवान की अतिरिक्त मेहरबानी होगी। 
 अस्पताल के महिला वार्ड में देखिये आग में झुलसी इन युवती और महिलाओं को। इस अस्पताल में वर्न केश के लिए कोई अलग से ना तो इलाज के लिए कोई विशेष कक्ष है और ना ही मरीजों को रखने के लिए अलग से कोई वार्ड।जेनेरल वार्ड में इन झुलसी महिलाओं का नर्स उपचार कर रही है।आप खुले मैदान में भी आग से झुलसी महिलाओं को देखिये।चार महिलाओं की स्थिति गंभीर है जिसमें से एक की स्थिति अत्यंत नाजुक देखते हुए उसे PMCH भेजा जा रहा है।यहाँ की व्यवस्था से मरीज के परिजन रीतलाल कुमार,मोहम्मद इजहार और मोहम्मद सलाउद्दीन सहित कई अन्य काफी दुखी हैं और कहते हैं अगर उनका मरीज इस अस्पताल में अगर बच गया तो भगवान का लाख-लाख शुक्र होगा।
जानकी सिंह,सीनियर नर्स
झुलसी महिलाओं का उपचार कर रही जानकी सिंह,सीनियर नर्स भी बता रही है की इस अस्पताल में वर्न केश के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है।मरीजों को इन्फेक्शन का खतरा है लेकिन वे क्या कर सकती हैं।बेड--बेड घूमकर वे इन महिलाओं की मरहम---पट्टी कर रही हैं जो कहीं से भी जायज नहीं है।यानी जो बची सो बची और जो मरी सो मरी।इतने बड़े अस्पताल में आग से जले---झुलसे मरीजों के इलाज लिए कोई आम से लेकर खास इंतजाम ना हो इसे आप क्या कहेंगे।
यह मुसीबत जाहिर तौर पर ठंढ की यह दोहरी मार है। इस ठंढ में बेहद सावधानी की जरुरत है। जो लोग आग में झुलसकर इस अस्पताल में आये हैं, सहरसा टाईम्स उनकी जिन्दगी बच जाए इसके लिए दिल से दुआ करता है।

दिसंबर 28, 2012

एक उद्योगपति का दर्द

 सहरसा टाईम्स की एक EXCLUSIVE रिपोर्ट---
मुकेश कुमार सिंह : आज हम आपको एक ऐसे एक उद्योगपति के दर्द से रूबरू कराने जा रहे हैं जो मुम्बई से आकर कोसी इलाके में उद्योग लगाना चाहते हैं लेकिन यह उद्योगपति प्रमंडल के अधिकारियों के रवैये से अब उद्योग लगाने के पहले ही यहाँ से भागने के मुड में है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आग्रह पर  400 करोड़ की लागत से मक्का आधारित उद्योग लगाने आये यह उद्योगपति यहाँ के अधिकारियों के रवैये से आजिज आ चुके हैं।
प्रशांत कुमार सिन्हा उद्योगपति
इनसे मिलिए : ये जनाब हैं प्रशांत कुमार सिन्हा। पेशे से इस इंजीनियर उद्योगपति को 35 साल का तजुर्बा है जिसके दम पर ये यहाँ उद्योग लगाने आये हैं।बिहार के मधेपुरा जिले के पुरैनी गाँव के ये रहने वाले हैं लेकिन तीन दशक से ज्यादा हो गए इनका पूरा परिवार मुम्बई में ही बस गया है।दो वर्ष पूर्व मुम्बई में इनकी मुलाक़ात बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हुयी थी।नीतीश जी ने इनसे बिहार में उद्योग लगाने का आग्रह किया था।इनको भी अपने गृह क्षेत्र की याद आई और इन्होनें कोसी में उद्योग लगाने का मन बना लिया।  400 करोड़ की लागत से मक्का आधारित उद्योग लगाने के लिए इन्हें बिहार सरकार के संबध विभाग से तमाम तरह की स्वीकृति मिल चुकी है। 95 एकड़ भूमि भी इन्हें आवंटित करने की राज्य सरकार ने अनुशंसा कर दी है।
आयुक्त कार्यालय में मुरघटी सन्नाटा छाया
लेकिन ये बीते आठ दिसंबर से कोसी प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय का चक्कर लगाकर अब उब से गए हैं।इन्हें एक तो यहाँ कोई अधिकारी नहीं मिलते दूजा कोई कर्मी इनसे भर मुंह बात भी करना मुनासिब नहीं समझता। इनकी नजर में आयुक्त कार्यालय में मुरघटी सन्नाटा छाया रहता है और एक भी अधिकारी और कर्मी यहाँ कभी भी समय से अपने कार्यालय नहीं आते। इन्हें इस कार्यालय से अब डर लगता है।ये इतने परेशान हो चुके हैं की कहते हैं की अब वे वापिस मुम्बई लौट जाना चाहते हैं।यहाँ पर उद्योग लगा पाना कतई मुमकिन नहीं है।ये दो टूक लहजे में कहते हैं की बिहार को चाहे विशेष राज्य का दर्जा मिल जाए या फिर केंद्र रूपये की बारिश कर दे,इस राज्य में उद्योग लगाना मुमकिन नहीं है। यहाँ नौकरशाह कुछ भी नहीं होने देंगे। खिन्न होकर उद्योगपति कह रहे हैं की चाहे बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाए और केंद्र इसे लाख पैसा दे दे लेकिन नौकरशाहों की वजह से बिहार में उद्योग लगाना नामुमकिन है। पूरी तरह से तंत्र की कार्य संस्कृति से ऊबे ये उद्योगपति अब उद्योग लगाने की अपनी इच्छा को दफ़न करके बिना उद्योग लगाए ही यहाँ से वापिस मुम्बई लौट जाना चाहते हैं।  
CPI नेता ओमप्रकाश ना 0 के साथ  उद्योगपति
जिस वक्त उद्योगपति बेचैन थे उसी समय वहाँ CPI के कद्दावर नेता ओमप्रकाश नारायण पहुँच गए। उद्योगपति ने इन्हें भी ना केवल खुलकर अपना दुखड़ा सुनाया बल्कि उद्योगपतियों को यहाँ ना आने की नेक सलाह भी दे डाली। नेताजी भौचक होकर इनकी पीड़ा सुनते रहे और इनके लिए आन्दोलन तक करने की बात कह डाली। सहरसा टाईम्स ने घूम---घूमकर आयुक्त के इस पुरे आलिशान भवन को खंगाल डाला।लेकिन हद की इंतहा देखिये की दिन के एक बजे हमें एक भी अधिकारी नहीं मिले।आयुक्त गायब,आयुक्त के सचिव गायब।सब के सब गायब।बड़ी मुश्किल से हमने एक कर्मी आयुक्त के प्रधान आप्त सचिव महेश चन्द्र चौधरी को ढूंढ़ निकाला।इनसे हमने यह जानने की बड़ी कोशिश की,की आखिर सारे अधिकारी गए कहाँ।लेकिन चौधरी जी ने कसम खा ली थी की वे कुछ भी नहीं बतायेंगे सो वे कुछ नहीं ही बताये।वे बोले की हम कुछ भी नहीं बोलेंगे। 

 एडिटर इन चीफ के साथ उद्योगपति
नौकरशाहों की ऐसी बदमिजाजी से आखिर क्या होगा इस सूबे का।नीतीश बाबू ये हाकिम बड़े बेलगाम हो गए हैं।बिहार का भला इन अधिकारियों के दम से कहीं भी होता नहीं दिख रहा है।अच्छी सोच और  अच्छी पहल के लिए बेहतर कार्य संस्कृति की दरकार है जो इस सूबे में फिलवक्त दूर--दूर तक नजर नहीं आ रहा है।जाहिर तौर पर अगर कुछ भी  बेहतर की गुंजाइश बनेगी तो वह अल्लाह  के फजल से ही संभव है।

*अपनी बात*

अपनी बात---थोड़ी भावनाओं की तासीर,थोड़ी दिल की रजामंदी और थोड़ी जिस्मानी धधक वाली मुहब्बत कई शाख पर बैठती है ।लेकिन रूहानी मुहब्बत ना केवल एक जगह काबिज और कायम रहती है बल्कि ताउम्र उसी इक शख्सियत के संग कुलाचें भरती है ।