अक्टूबर 24, 2016

शिक्षा में सुधार के नारे सिर्फ दिखावा......

सही चीजों की अभी भी हो रही अनदेखी 
कई विद्यालयों और महाविद्यालयों का निबंधन रद्द करने के पीछे बड़ी राजनीति
अच्छे विद्यालय और महाविद्यालय के निबंधन भी हो रहे हैं रद्द 
बिहार में चल रहा तुगलकी फरमान
मधेपुरा से मुकेश कुमार सिंह की खास रिपोर्ट----बिहार में हुए टॉपर घोटाले से पुरे देश में बिहार की पूरी नाक कट गयी ।सरकार ने अपनी ईज्जत बचाने के लिए बड़े पैमाने पर विद्यालय और महाविद्यालयों की जांच शुरू करवाई ।लेकिन जिस तरह से जांच हुयी है और हो रही है,उसमें मनमाने तरीके से विद्यालय और महाविद्यालयों के निबंधन को रद्द किया गया है ।हम ताल ठोंक कहते हैं की इस जांच में भी ना केवल खूब उगाही हुयी है बल्कि राजनीति के मानक का भी ख्याल रखा गया है ।यूँ हमारे पास कई उदाहरण हैं जिसे हम करीने से अपने पाठकों के सामने परोस सकते हैं ।लेकिन एक आलेख में सभी को समेटना नामुमकिन है ।इसलिए हम इस आलेख में महज एक मामले के सच से अपने पाठकों को रूबरू करा रहे हैं ।ये सरकारी पदाधिकारी जनता की सेवा के लिए हैं  या शोषण के लिए।।।।।।।।।।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का एक मामला जिसको हम तुगलकी फरमान कह सकते हैं ।ज्ञातव्य हो की बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा हाल ही में नव संबंधन प्राप्त महाविद्यालयों एवं विद्यालयों की जाँच पाँच सदस्यों की समिति द्वारा करायी गई थी ।इसी क्रम में मधेपुरा जिला के उदाकिशुनगंज अनुमंडल में अवस्थित उदयनाचार्य विद्याकार कवि महाविद्यालय करामा उदाकिशुनगंज की भी जाँच की गई ।इस महाविद्यालय की विधि व्यवस्था,भवन, पुस्तकालय,सेमिनार हॉल,परीक्षा भवन,शिक्षक, छात्र/छात्रा,प्रायोगिक कक्ष,स्मार्ट क्लास देख कर जाँच करने वाले भी यह बोलने से अपने आप को नहीं रोक सके की मधेपुरा जिला क्या पुरे कोसी में ऐसा सम्बन्धन एवं अनुदानित प्राप्त महाविद्यालय नहीं देखा। 
जांचोपरांत मधेपुरा के 10 महाविद्यालयों जिनको निलंबित किया गया उनसे बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा स्पष्टीकरण पूछा गया लेकिन उदयनाचार्य विद्याकार कवि महाविद्यालय करामा उदाकिशुनगंज को ना तो निलंबित किया गया ना ही इसकी मान्यता ख़त्म की गई ।
हद तो इस बात की है की इस मुतल्लिक कोई स्पष्टीकरण तक नहीं पूछा गया और ना ही कोई पत्र दिया गया ।इंतहा तो तब हो गयी जब इस महाविद्यालय पर  केवल तुगलकी फरमान सुनाते हुए F.I.R दर्ज करने का आदेश सुना दिया गया ।आपको यह जानकार बेहद हैरानी होगी की FIR का कारण बताया गया कि ये महाविद्यालय बिना अनुमति के छात्रों का एडमिशन,पंजीयन,फॉर्म ,परीक्षा प्रपत्र भरवा रहे हैं ।जबकि सच्चाई यह है की इस महाविद्यालय को वर्ष 2008 में ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा पत्रांक BSEB(SS)PRE-CONF/1143/08 दिनांक 4/08/2008 द्वारा कोड 6331 निर्गत कर दिया गया है और पत्रांक BSEB/SS/COLL-ESTAB/508/D/08 दिनांक 23/07/2008 द्वारा स्थापना अनुज्ञा की कोटि में रखने की सहमति का आदेश पत्र प्राप्त है ।तो बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने किस आधार पर इस महाविद्यालय पर FIR दर्ज करते हुए छात्र--छात्राओं का पंजीयन प्रपत्र भरवाने से रोकने का आदेश दिया है ।यह तो बिल्कुल समझ से परे है ।इस तुगलकी आदेश से क्या आनंद किशोर की जांच टीम टॉपर घोटाले में फंसी सरकार को बचाने की कोशिश कर रही है या जनता का ध्यान भटका रही है ।
अभीतक 77 विद्यालय और महाविद्यालयों पर निबंधन रद्द करने की की गाज गिरी है ।सरकार का यह फैसला की मानक पर खड़ा उतरने वाले विद्यालय और महाविद्यालयो का निबंधन बरकरार रहेगा और नए निबंधन भी होंगे ।लेकिन तमाशा तो कुछ और ही चल रहा है ।वैसे हर साल टॉपर घोटाला चलता रहा और सरकार चैन की बंसी बजाती रही ।इसमें कतई दो मत नहीं की यह सारा खेल या तो सरकारी जानकारी में या फिर सरकारी इशारे पर होता रहा ।अभी भी वक्त गुजरा नहीं है ।सम्भव है बहुत चीजों से आनंद किशोर अनभिज्ञ रह रहे हों ।इससे नामचीन विद्यालय और महाविद्यालय का बंटाधार हो जाएगा ।उदयनाचार्य विद्याकार कवि महाविद्यालय करामा उदाकिशुनगंज मामले को पुनः देखने और उसपर फिर से आदेश निर्गत करने की जरुरत है ।आनंद किशोर के साथ--साथ शिक्षा मंत्री सहित खुद नीतीश कुमार को जागना होगा ।आखिर गलती दर गलती...यह सिलसिला कब थमेगा....कब पूरी तरह से रुकेगा ।

अक्टूबर 21, 2016

अवैध टैम्पू स्टैंड का फैलता जा रहा है मकरजाल.....

सड़क के दोनों किनारे लगती है गाड़ियाँ.....  
जिला परिवहन विभाग के नियमों की खूब उर रही है धज्जियाँ.....
मो० अज़हर उद्दीन की रिपोर्ट-------तस्वीर में दिख रही टैम्पू की लम्बी कतार सहरसा के बस स्टैंड की नहीं बल्कि सहरसा शहर के बनगाँव रोड, मीर टोला वार्ड न०-07 के मुख्य मार्ग की है जहाँ तक़रीबन कई महीनों से अवैध स्टैंड केवल फल--फूल ही नहीं रहा है. आगे बताना लाजमी होगा की इससे पहले ये नज़ारा शहर के महावीर चौक रूपवती गर्ल्स स्कूल के पास दिखने को मिलती थी, अवैध स्टैंड होने से भीड़-भाड़ में जब  एक-दो हादसा हुआ तो स्थानीय लोगों के आक्रोश पर धीरे--धीरे स्टैंड को हटाया गया लेकिन अब फिर से यही तस्वीर बनगॉंव रोड मीर टोला में दिखने को मिल रही है। सिर्फ जगह बदला लेकिन तस्वीर वही है कही इस जगह को भी बड़े हादसे का इंतेजार तो नहीं।
इस सड़क से रोजाना प्रशासन की पेट्रोलिंग वाहन कई बार चक्कर काटती है लेकिन किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती। यहाँ तो सिर्फ जेब को भाड़ी करने का काम होता है। फिलवक्त ये कहना कतये गलत नहीं होगा की सड़क पर चल रहे लोगों की ज़िन्दगी भगवान भरोसे ।                

अक्टूबर 20, 2016

मधेपुरा में सोशल मीडिया पर लगाये गए प्रतिबन्ध पर नया शंसोधन.....

सहरसा टाईम्स की रिपोर्ट ------ मधेपुरा जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर लगाये गए प्रितिबंध को वापस लेते हुए नए नियम लागु किया है जो की सराहनीये है और सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की आजादी को जिन्दा रखने का नया मिसाल कायम किया है. इस पहल के लिए मधेपुरा जिलाधिकारी के साथ साथ मधेपुरा के जागरूक सोशल मीडिया कर्मियों को सहरसा टाईम्स की ओर से बहुत बहुत धन्यवाद. गौरतलब है कि बिहारीगंज में उत्पन्न तनाव में सोशल मीडिया द्वारा अफवाह फैलाए जाने की पुष्टि के बाद मधेपुरा प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस तरह का एक्शन लिया था. पुराने आदेश को रद्द करते हुए नया निर्देश जारी किया गया है। 
सोशल मीडिया पर ग्रुप एडमिन को ही यह जिम्मेवारी दी गई है कि वे अपने ग्रुप में आने वाले गलत संदेश की सूचना सरकारी मोबाइल नंबर 9955948775 पर देंगे. मधेपुरा जिलाधिकारी मो. सोहैल और आरक्षी अधीक्षक ने गुरुवार को समाहरणालय में स्थानीय पत्रकारों, साइबर एक्सपर्ट एवं बुद्धिजीवियों के साथ वार्ता किया। इसी के साथ कई जिम्मेदारी ग्रुप एडमिन को दिया गया की वे अपने ग्रुप पर किसी उत्तेजक, भरकाऊ, धार्मिक उन्माद जैसे सामग्रियों का यदि अपलोड, शेयर या फारवर्ड होने वाले पोस्ट, कमेंट, फोटो या वीडियो आदि हो तो स्क्रीन शॉट लेकर विभाग द्वारा निर्धारित नंबर पर अविलंब सूचित करेंगे। अगर संबंधित एडमिन समय पर यह सूचना उपरोक्त नंबर पर नहीं दी जाती है तो ऐसे एडमिन के विरूद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी। जारी पत्र के अनुसार प्रशासन एवं पुलिस की तकनीकी सेल और साइबर क्राइम या स्पेशल टीम इंटरनेट द्वारा जिले में क्रियाशील फेसबुक, वाट्सएप्प जैसे सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग कर रही है। 
जाहिरतौर से मधेपुरा जिला प्रशासन का यह स्वागत योग्य पहल है जिसे शोसल मीडिया से जुड़े तमाम सदस्यों को फोलो करना चाहिए. इस बैठक में कई पत्रकार के साथ साथ कोसी के चर्चित साइबर एक्सपर्ट संदीप शांडिल्य भी मौजूद थे।

अक्टूबर 19, 2016

झारखण्ड पुलिस की बेशर्म करतूत....


लड़कियों के साथ किया अमानवीय सलूक......
सड़क पर लड़कियों से करवाई उठक-बैठक.....
क्या बिहार की तरह झारखण्ड में भी वर्दी को गुंडागर्दी की मिली है आजादी.... 


जमेशदपुर (झारखंड) से मुकेश कुमार सिंह की बेहद खास रिपोर्ट--- आपने दिल्ली और यूपी पुलिस के साथ--साथ बिहार पुलिस की दादागिरी के कई अनोखे किस्से सुने होंगे लेकिन आज हम आपको झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस किस तरह से पुरुषों को तो छोड़िये,लड़कियों के साथ किस बेशर्मी से पेश आ रही है,उसकी दास्तान सुनाने जा रहे हैं ।स्कूटी पर सवार तीन ऐसी लडकियां जिसने हेलमेट नहीं पहन रखा था,उसे पुलिस के एक पुलिस जवान ने पहले तो रोका फिर कानून की सारी आयतें पढ़ाई ।लेकिन इस बेशर्म पुलिस वाले का इससे भी जी नहीं भरा तो इसने बीच सड़क पर इन तीनों लड़कियों से तक़रीबन आधे घंटे तक उठक-बैठक करवाई ।नियमों की अनदेखी करने को हम कतई जायज नहीं ठहराते हैं लेकिन उस जवान ने लड़कियों के साथ ऐसा बर्ताव किया जिससे मानवता शर्मसार हो रही है ।हद बात तो यह जानिये की यह एक मामूली पुलिस जवान का करतब है ।इस जवान ने किसी सीनियर या कम से कम एएसआई लेवल के अफसर की मौजूदगी की भी जरुरत नहीं समझी और बीच सड़क पर ही लड़कियों से तमाशा कराना शुरू कर दिया ।हद तो यह भी है की वहाँ मौजूद लोगों का हुजूम लड़कियों के साथ हो रहे मजाक को रोकने की जगह,मजे और लुत्फ उठाते दिखे ।जाहिर सी बात है की लड़कियों को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी ।
जानें क्या है पूरा मामला...
मिली जानकारी के मुताबिक, गुलमोहर स्कूल के पास स्कूटी पर सवार होकर तीन लड़कियां गुजर रही थीं ।पीसीआर वैन में बैठा पुलिस जवान लड़कियों को देखते ही बाहर निकला और उनकी स्कूटी को रुकवाकर उन्हें उतरने को कहा । पहले तो जवान ने हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाने की मांग की ।लेकिन लड़कियों ने बताया की घर नजदीक होने की वजह से वे हेलमेट लेकर नहीं निकली थीं । बस फिर क्या था ?वर्दी ने अपना रंग पकड़ा और इस पुलिस जवान ने काफी देर तक बीच सड़क पर लड़कियों को सजा के तौर पर उठक-बैठक करवाई ।
क्या है नियम ?
नियम के मुताबिक गाड़ियों की जांच कम से कम एएसआई लेवल के अफसर ही कर सकते हैं ।
एएसआई ऑफिसर की मौजूदगी में ही दूसरा कोई जवान गाडी ऑनर से पूछताछ तक कर सकता है ।
लड़कियों पर कार्रवाई करने वाले जवान ने गाड़ियों की जांच के दौरान नियमों की आखिर अनदेखी क्यों की ?
फिलवक्त वर्दी के नाम पर पुलिस के जवान की इस हरकत की काफी आलोचना हो रही है लेकिन बड़े अधिकारी इस जवान पर कार्रवाई के नाम पर या फिर इस घटना के बाबत कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं ।मुझे यह समझना बेहद कठिन हो रहा है की झारखंड की पुलिस अपराध पर नकेल कसने के लिए तैनात है या फिर उन्हें फ़िल्म की शूटिंग का जिम्मा मिला है ।लड़कियों के गुनाह को हम बेशक मानते हैं लेकिन इस जवान की ओछी हरकत पर कार्रवाई तो होनी ही चाहिए ।वैसे इस तरह की बातें,आई--गयी बातें भी बनकर रह जाती हैं ।

अक्टूबर 17, 2016

राजदेव मर्डर मामले में सुप्रीम कोर्ट शख्त .....

कहा की जांच तीन महीने में हो पूरी..... 

नई दिल्ली से मुकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट---- बिहार के सीवान के हिन्दुस्तान अखबार के पत्रकार राजदेव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को आज शख्त निर्देश दिए हैं कि मामले की जांच हर हाल में तीन महीने में पूरी की जाए ।सुप्रीम कोर्ट बड़े तल्ख लहजे में कहा है कि इस ह्त्या मामले में जेल में बंद सभी छह आरोपियों को जमानत ना दी जाए । 
सुप्रीम कोर्ट ने सीवान के सत्र न्यायाधीश से मोहम्मद कैफ और जावेद पर भी रिपोर्ट मांगी है और पूछा है कि दोनों आरोपी भगोड़ा घोषित किए गए थे या नहीं ?अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए अगली तारीख 28 नवंबर तय की है ।इधर सरकार की तरफ से जानकारी मिल रही है,उस मुताबिक मोहम्मद कैफ और जावेद को अदालत ने भगोड़ा घोषित नहीं किया था । इस बीच इसी हत्या मामले में बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप ने कहा है कि जिस वक्त कैफ के साथ उनकी तस्वीर खिंची गयी थी उस समय कैफ भगौड़ा घोषित नहीं था ।तेज प्रताप यादव के वकील ने कहा है कि सीवान से गुजरते वक्त रास्ते में एक अधिकारी ने डिनर पर बुलाया था जहाँ कैफ ने उन्हें बुके भेंट किया,वह तस्वीर उसी वक्त की थी ।


राजदेव की ह्त्या के बाद जिस तरह से बिहार भर में पत्रकारों ने आंदोलन किये की सरकार को सीबीआई को जांच का जिम्मा सौंपना मज़बूरी बन गयी ।लेकिन बीच में जो घटनाक्रम हुआ की मोहम्मद शहाबुद्दीन हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा होकर बाहर आ गए ।उस समय कयास यह लगाया जाने लगा की इस राजदेव हत्याकांड के खुलासे में अब कोई नयी बाधा ना खड़ी हो जाए । लेकिन मोहम्मद शहाबुद्दीन पर सुप्रीम कोर्ट का डंडा चला और एक बार फिर वे सलाखों के पीछे धकेल दिए गए ।अब धुंध पूरी तरह से छंट चुका है और सीवान के लोगों के साथ--साथ दिवंगत राजदेव के परिजनों को भी यह उम्मीद है की राजदेव की पुनः वापसी तो नहीं होगी लेकिन उनके साथ पूरा का पूरा न्याय जरूर होगा ।

अक्टूबर 16, 2016

पाकिस्तान लगातार हासिल कर रहा खुफिया सैन्य जानकारियां......

शरहद पर निगेहबानी में हो रही है चूक.......
अपने देश के सेना अधिकारी और पुलिस अधिकारी पाकिस्तानी आकाओं के हैं करीबी .......
पकड़ा गया जम्मू-कश्मीर का भेदिया DSP .....
पाकिस्तानी सेना के लिए जासूसी करने पर गिरी गाज,हुआ सस्पेंड......
जिस पुलिस अफसर पर कंट्रोल रूम की सूचनाओं से देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वह अफसर उन सूचनाओं को सीमा पार भेज पाक को कर रहा था अलर्ट .....
नई दिल्ली से मुकेश कुमार सिंह की खास रिपोर्ट-----जब अपने घर में ही सांप पल रहे हों,तो सुरक्षा में सेंधमारी तो होगी ही ।गृहमंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर पुलिस में जयचन्द का रोल अदा कर रहे एक पुलिस अधिकारी को आखिरकार ढूंढ निकाला है । पाकुस्तान के लिए गुप्त रूप से काम कर रहे तनवीर अहमद नाम का यह डीएसपी जम्मू पुलिस और भारतीय सेना के हर कदम की जानकारी पाकिस्तानी सेना को पहुंचाता रहा है ।उसकी ड्यूटी श्रीनगर पुलिस कंट्रोल रूम में लगी थी । जिससे सभी सूचनाएं उस तक पहुंचती थी और तनवीर उन्हें पाकिस्तानी कमांडर तक पहुंचाता था ।

गृह मंत्रालय की सूझ--बुझ से हुआ खुलासा
गृह मंत्रालय को इस ऑफिसर पर किसी कारण से शंका हुयी और इनके मोबाइल को सर्विलांस पर रखा गया ।आखिरकार कॉल ट्रेस कर के यह बात सामने आ गयी की जनाब तनवीर देश के साथ गद्दारी और पाकिस्तान को नमक का शरीयत दे रहे थे ।
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना को कुछ समय से महसूस हुआ कि गोपनीय सूचनाएं लीक हो रही हैं ।हर कदम की आहट पाकिस्तान भांप रहा है ।इस पर गृह मंत्रालय से मदद की गुहार लगाई गई थी । जिस पर राजनाथ सिंह के गृह मंत्रालय ने खासकर के जम्मू-कश्मीर रीजन में तैनात सुरक्षाकर्मियों के फोन कॉल्स को सर्विलांस पर लगा दिया ।इस दौरान खुलासा हुआ कि डीएसपी तनवीर अहमद के पास खुद को पाकिस्तानी आर्मी का कमांडर बताने वाले व्यक्ति का फोन आया ।बस इसी कॉल ने तनवीर के चेहरे पर से पाकिस्तानी नकाब को उतार डाला ।कहां कितनी कंपनी फोर्स तैनात है,इसकी हर जानकारी अपने पाकिस्तानी आकाओं को तनवीर बदस्तूर देता था ।
अभीतक की जांच में हुए खुलासे के मुताबिक तनवीर ने पाकिस्तानी सेना के कथित कमांडर को श्रीनगर में तैनात सुरक्षाबलों और पुलिस की जानकारी दी थी ।तनवीर ने बताया की कहां पर कितनी कंपनी आर्मी और पुलिस की कंपनियां तैनात हैं ।जाहिर सी बात है की इतनी पुख्ता सूचना मिलने पर,पाकिस्तानी सेना की बांछें खिली रहती थीं और वे उसी हिसाब से अलर्ट रहती थी ।

*गृहमंत्रालय ने बैठाई जांच*
देश की सुरक्षा से खिलवाड़ से जुड़े इस मामले के बाद गृहमंत्रालय में हड़कंप मच गया है ।अब डीएसपी के खिलाफ सख्त जांच बैठा दी गई है । क्योंकि अब तक जो बातें सामने आई हैं, वह प्रथम दृष्टया फौरी जांच से निकली हैं ।अन्य कड़ियों का खुलासा करने की कोशिश अब की जा रही है ।आगे पता लगाया जाएगा कि कहीं और खाकीवाले तो देश की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं कर रहे हैं ।इस पूरे प्रकरण पर जम्मू-कश्मीर पुलिस कुछ खुलकर नहीं बता रहा है ।सिर्फ पुलिस अधिकारी इस निलंबन के पीछे सुरक्षा में अनदेखी को कारण बता रहे हैं ।चूँकि यह देश की सुरक्षा का मसला है,इसलिए हम भी इसे रबर की तरह ज्यादा खींचना नहीं चाहते हैं ।
अभी--अभी एक और खास जानकारी हमारे पास आई है की सेना ने जम्मू में जासूसी के आरोप में 3 कश्मीरियों को 153 कबूतरों के साथ गिरफ्तार किया है ।यही नहीं बीकानेर से 2 संदिग्धों को भी जासूसी करते पकड़ा गया है ।ये लोग गांव वालों को 25 लाख रूपये देकर सेना की जानकारी हासिल कर रहे थे ।
इतना तो साफ़ है की पाकिस्तान भारत के भीतर भी कहीं ना कहीं खुद को मजबूत पा रहा है । आतंकियों के साथ--साथ आम अवाम से भी वह सूचनाएं संग्रहित कर रहा है ।हमें अपनी आंतरिक गोपनीयता की सेंधमारी पर सबसे पहले रोक लगाने की जरुरत है ।पाकिस्तान सीधे हमले से कतराता है ।वह कई छदम् तरीके अपनाएगा, जिसके लिए हमें अलग से रणनीति बनानी होगी ।
पाकिस्तान कुचला हुआ सांप है ।वह अपनी घिनौनी हरकत से कभी बाज नहीं आएगा ।हमें मुस्लिम अफसरान पर कोई शक नहीं है ।सच्चे देशभक्तों की जमात है हमारे पास ।लेकिन वक्त बहुत नाजुक है,इसलिए महाभारत के संजय वाली दृष्टि रखने की जरूरत है ।साथ ही आंतरिक से लेकर बाह्य दोनों सुरक्षा के लिए अपने संचार तंत्र को मुकम्मिल तौर पर पुख्ता रखना होगा ।हम ताल ठोंककर कह रहे हैं की किसी भी विषम परिस्थिति में हम पाकिस्तान को ना केवल धूल चटा सकते हैं बल्कि उसकी मिट्टी पलीत कर सकते हैं ।युद्ध का विगुल पहले बजे तो........

अक्टूबर 15, 2016

संविधान और देश के कानून का कतई नहीं हो रहा सम्मान

इस देश और विभिन्य प्रांतों के नेता हैं देश के सम्मान और विकास के बाधक.....
यह देश चल रहा है भगवान् भरोसे......
देश के आचार्य,स्वामियों सहित मुल्ला और मौलवियों पर नकेल कसना जरुरी .......
बड़बोले नेताओं के मुंह पर जड़ने होंगे ताले.......
खबरिया चैनल,अखबार,सोसल साईट और अन्य संचार माध्यमों को बदलना होगा अपना रवैया .....
देश के नुकसान में संचार माध्यमों का भी हाथ......

मुकेश कुमार सिंह का पूर्वाग्रह से मुक्त होकर सपाट विश्लेषण------ आजादी के इतने दशकों बाद जहां हम खड़े हैं,लग रहा है पांच के नीचे बेईमानी की दलदल है  हमारे पुरखों की तमाम कोशिशों और बलिदानों को मुट्ठीभर लोग पलीता लगा रहे हैं । आजादी के बाद इस देश में सबसे ज्यादा विकास हुआ झूठ, बेईमानी,विश्वासघात,चुगलई,निंदा,नोंचा--नोची,दुराचार, व्याभिचार,पैरवी,पाप,कुकर्म और हर तरह की चरित्रहीनता का ।यह अपसंस्कृति आज पुरे देश में विकसित होकर आज अपनी पुरातन संस्कृति की तर्ज पर लहलहा रही है । 
 देश यूँ तो सदैव कठिन दौर से गुजरा है लेकिन अभी के दौर को हम अपनी नजर से बेहद कठिन और मुसीबतों से सराबोर देख रहे हैं । देश के सर्वोच्च शिक्षण संस्थान जेएनयू और दिल्ली विश्वविद्यालय में पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगते हैं और देश के प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के पुतले फूंके जाते हैं ।

हमारे इस आलेख का सीधा और तल्ख़ मकसद है की खबरिया चैनल,अखबार,सोसल साईट और अन्य संचार माध्यमों को अपने रंग--ढंग और तेवर के साथ--साथ अपनी बुरी मानसिकता से सने रवैये को भी बदलना होगा ।देश के नुकसान में संचार माध्यमों का भी बड़ा हाथ है ।मसूद अजहर और हाफिज सईद जैसे आतंकी आकाओं को संचार सेवाओं मसलन टीवी,अख़बार और सोसल साईट में जगह नहीं मिलनी चाहिए ।खबरिया चैनलों पर 

देश के आचार्य,स्वामियों सहित मुल्ला और मौलवियों को बैठाकर डिवेट नहीं कराना चाहिए । इनकी जुबां से आग बरसती है और ये शान्ति के नाम पर बलबे का सन्देश देते दीखते हैं । हम बड़े साफ़ लहजे से विषय की गंभीरता के दायरे में अपने विचार परोस रहे हैं । हमें टीवी,अखबार, पत्रिका,सोसल साईट और अन्य संचार माध्यमों से केवल उन चीजों को सामने लाना चाहिए जिससे हमारे मनोबल को चार चाँद लगे और देश का कैसे भला होगा और इसका रास्ता कैसे तैयार हो ? देश के नेताओं के मामले में यह देश बड़ा अभागा है ।अभी केजरीवाल,संजय निरुपम,आजम खान या फिर दिग्विजय सिंह सरीखे नेताओं के बयान को तवज्जो देने की क्या जरुरत है ।देश के कई नेता कुछ से कुछ बक रहे हैं और उनके बयानों का ना केवल प्रसारण हो रहा है बल्कि वे बयान अखबारों की सुर्खियां भी बन रहे हैं ।
आखिर ये सब क्यों हो रहा है ?इसपर कैसे लगाम लगेगा ?बहुत सारे खबरिया चैनल और अखबारों को विदेशों से भी धन मिलते हैं,जिसकी अपर्याप्त जानकारी हमारे पास है ।पूरी जानकारी इकट्ठी करने में हम जुटे हैं और संचार के काले कारोबार को हम बेपर्दा करेंगे । माननीय सर्वोच्च न्यायालय को अब ऐसे गंभीर मसलों पर स्वतः संज्ञान लेना होगा,वर्ना ये देश डूबता चला जाएगा ।

कुछ वर्ष पूर्व का एक वाकया मुझे याद आ रहा है ।पुणे में शिक्षा पर एक सेमीनार का आयोजन हो रहा था । विभिन्य देशों के शिक्षाविदों के साथ--साथ कुछ चुनिंदा पत्रकार उसमें शिरकत कर रहे थे ।मुझे भी उस सेमीनार में बतौर वक्ता मौक़ा मिला था ।सभी ने अपनी--अपनी बेबाक राय रखी, मैंने भी रखी ।मेरे भाषण पर तालियां भी खूब बजी जिसकी गूंज आजतक मैं महसूसता हूँ ।कार्यक्रम समाप्ति के बाद मैंने तत्काल मित्र बने अमेरिकन शिक्षाविद् से पूछा की अमेरिका इतना छोटा देश है लेकिन विश्व में सबसे ताकतवर देश है ।भारत में सभी कुछ है लेकिन हमलोग इतने पिछड़े क्यों हैं ।
उनका जबाब कम में इतना ताकतवर था की लगा ""मेरे पाँव के नीचे की सारी जमीन यक ब यक खिसक गयी""उन्होनें कहा की अमेरिका "डिजर्वेशन" से चलता है और भारत "रिजर्वेशन" से ।उन्होनें इतना तक कहा के भारत के क्रीम तो अमेरिका सहित दूसरे देशों में हैं ।
सच में आजादी के इतने वर्षों बाद भी हम आरक्षण को लेकर चीर--फार और वोट के लिए खूब तिकड़म करते हैं लेकिन आरक्षण का सही लाभ सही समय पर वांछितों तक पहुंचे,आजतक कभी भी इसकी ईमानदार कोशिश नहीं की गयी है ।
मुकेश कुमार सिंह 
खैर,  हमारा विषय संचार तंत्र से जुड़ा हुआ था और एक बार फिर हम उधर रुख कर रहे हैं । दलाल पत्रकारिता की नहीं आज देशभक्ति और देश के उत्थान से जुड़ी पत्रकारिता की जरुरत है । पत्रकारिता की आड़ में बहुतो धन कुबेर हो गए हैं । देश और राज्य हित से बड़ा कोई पूण्य का काम नहीं है ।अब कुछ पूण्य भी कमाओ मेरे अजीजों । एक तो इस देश सहित विभिन्य राज्यों का दुर्भाग्य है की सरकार में भी गिने--चुने लोग ही पढ़े--लिखे हैं ।अब समय आ गया है ।छल--प्रपंच की पत्रकारिता पर लगाम लगाना ही होगा ।पत्रकार मित्रों और मीडिया हॉउस वालों,देश से ऊपर कुछ नहीं होता है ।आप खुद इस बात को समझ जाइए तो बेहतर है,वर्ना जनता और सुप्रीम कोर्ट खुद आपको समझा देगी ।

अक्टूबर 14, 2016

स्कूल में गुंडाराज


स्कूल में गुंडाराज
सेंट्रल स्कूल हो या निजी स्कूल कारनामों की है लम्बी फेहरिस्त
अभिभावकों की कमजोरी और लचर स्कूल प्रबंधन की वजह से स्कूल में मच रहा ग़दर

मुजफ्फरपुर से मुकेश कुमार सिंह की दो टूक---->>
आज हम बेहद गंभीर मसले को लेकर हाजिर हो रहे हैं ।हांलांकि घटना एक महीना पुरानी है लेकिन इस घटना का वीडियो 8 अक्टूबर को वायरल हुआ है ।घटना की मुकम्मिल तहकीकात के लिए हम खुद मुजफ्फरपुर पहुंचे और तमाम हकीकत से रूबरू हुए हैं ।

अब हम कहानी की शुरुआत करते हैं ।ऊपर की तस्वीर बिहार के मुजफ्फरपुर सेन्ट्रल स्कूल की है ।वर्ग कक्ष में किसी बात को लेकर एक छात्र की पिटाई हो रही है वह भी दो छात्रों के द्वारा जो की रिश्ते में सगे भाई हैं और ग्यारहवीं कक्षा के छात्र हैं ।बिल्कुल फ़िल्मी स्टाईल में सभी कुछ हो रहा है ।इस वीडियो के सामने आने पर अब खलबली मची है ।हम इस घटना की पुरजोर निंदा करते हैं । आखिर कहाँ है स्कूल प्रबंधन ?पुलिस और प्रशासन को तत्काल मुजफ्फरपुर के तथाकथित जितने नामी निजी स्कूल हैं उसके अंदर और बाहर भी नजर रखनी चाहिए ।हांलांकि इस वीडियो के वायरल होने और हमारे सहित अन्य मीडिया के हस्तक्षेप से मुजफ्फरपुर सेंट्रल स्कूल मामले में एसएसपी विवेक कुमार ने संज्ञान लिया है और आरोपी दोनों भाई विशाल कुमार और विक्की कुमार के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है ।हमारी बातचीत जिले के डीएम धर्मेन्द्र सिंह से हुयी ।उन्होनें इस घटना को बेहद दुःखद बताया और ऐसी घटना की कभी पुनरावृति ना हो,इसकी वे अपने स्तर से पुरजोर कोशिश करेंगे ।मुजफ्फरपुर सेन्ट्रल स्कूल की घटना तो महज एक बानगी है ।बिहार और झारखंड के लगभग सभी नामी गिरामी स्कूल में गुंडाराज कायम है ।बच्चे भविष्य संवारने की जगह लठैत बनने की ट्रेनिंग लेने स्कूल आते हैं ।इस घटना के बाबत हमने सेंट्रल स्कूल के प्रिंसिपल राजीव कुमार से मिलना चाहा लेकिन उनकी व्यस्तता प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी से भी ज्यादा थी और उन्होनें हमसे मिलना गंवारा नहीं किया ।अपने मोबाइल का स्विच भी अक्सर वे बंद ही रखते हैं ।मुजफ्फरपुर के इस सेन्ट्रल स्कूल में एक माह पूर्व विशाल और विक्की नाम के दो सगे भाईयों का उत्तम कुमार नाम के लड़के से किसी बात पर कहा--सुनी हुयी थी ।बस इसी बात पर वर्ग कक्ष में ही विशाल और बिक्की ने उत्तम की धुनाई फ़िल्मी स्टाईल में की ।हद की इंतहा है की वर्ग कक्ष में गुंडागर्दी चलती रही लेकिन स्कूल प्रबंधन कहीं नजर नहीं आया । जाहिर सी बात है की स्कूल प्रबंधन बेहद कमजोर है ।हम डीएम और एसपी से गुजारिश करेंगे की प्रिंसिपल राजीव कुमार पर भी कारवाई की जानी चाहिए ।इस घटना के परिपेक्ष्य में आवश्यक है की कुछ अन्य घटनाओं की भी चर्चा करें ।हम अपने पाठकों को बताना चाहते हैं की वर्ष 2013 में झारखण्ड के बरियातू स्थित हाई क्यू इंटरनेशनल स्कूल में विदिशा रॉय नाम की बच्ची की हत्या हुयी थी ।मृतका बच्ची के पिता विकास रॉय ने स्कूल के निदेशक पर बच्ची के साथ लगातार यौन शोषण के बाद ह्त्या का आरोप लगाया था ।यही नहीं झारखंड के रांची के सफायर इंटरनेशनल स्कूल में इसी वर्ष 7 फ़रवरी को विनय महतो नाम के छात्र की छत्रावास में हत्या हुयी थी ।आखिर ये सब क्या है ?शासन और प्रशासन दोनों को सेंट्रल स्कूल सहित तमाम निजी स्कूलों के प्रबंधन पर ना केवल नकेल कसना होगा बल्कि प्रबंधन का शख्त गाईड लाईन तैयार करना होगा ।एक तो निजी स्कूल प्रबंधन मोटी फ़ीस वसूल कर बच्चों के परिजनों को फ़क़ीर बना रहे हैं,वहीं दूसरी तरफ गुण्डागर्दी का अलग से पाठ पढ़ाया जा रहा है । सरकार के साथ--साथ स्थानीय पुलिस--प्रशासन को अब इन स्कूल संचालकों से मित्रता निभाने की जगह बड़ी कार्रवाई का फर्ज निभाना चाहिए । आखिर में हम यही कहेंगे की मुजफ्फरपुर सेंट्रल स्कूल के इस वीडियो से सभी स्कूल प्रबंधन को सीख लेनी चाहिए ।


अक्टूबर 13, 2016

जीतापुर में मुहर्रम के अवसर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन

जितापुर से पिंटू भगत की रिपोर्ट : मुरलीगंज प्रखंड के भैरोपट्टी रेनगाह मैदान पर मुहर्रम मेले के अवसर पर प्रखंड स्तरीय कब्बडी प्रतियोगिता का आयोजन मेला संचालक कमिटी के सदस्य द्वारा किया गया.
 जिसमे चार टीम मधेपुरा, सिंघेश्वर, भर्राही बाज़ार और जीतापुर ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. प्रथम ग्रुप में जितापुर और सिंघेश्वर के बीच खेला गया एक पॉइंट से जीतपुर को हरा कर सिंघेश्वर सेमी फाईनल में पंहुचा. मधेपुरा और भर्राही के बीच जो खेल हुआ उसमे भर्राही बाजार को दस अंक से मधेपुरा ने पछार दिया.  फाईनल मैच सिंघेश्वर और मधेपुरा के बीच हुआ जिसमे मधेपुरा ने नौ अंक से सिंघेश्वर को हरा कर जीत का ताज पहना. 
मधेपुरा टीम के संजीव कुमार (कप्तान ) को मैन आफ द मैच का पुरस्कार मिला. इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि जिला कब्बडी संघ के सचिव अरुण कुमार, विमल भारती, गोसाई ठाकुर, मो० सत्तर झुरुद्दीन इर्फल आलम, मोज्मिल आलम, नागेश्वर यादव, त्रिवेणी यादव, सहाबुद्दीन,मंजर आलम सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

अक्टूबर 12, 2016

दो समुदाय के बीच बड़ी वारदात होने से टला..

ना हिन्दू हैं हम,ना सिख,ना ईसाई और ना ही  मुसलमान हैं हम
हमने पुरे विश्व में करा दी है मुनादी,की खालिस हिन्दुस्तान हैं हम
बाबजूद इस पैगाम के आपसी तनाव से मन होता है मैला
सब्र,एहतियात,प्रेम,भाईचारे और ख़ामोशी से संवरते हैं रिश्ते
दो समुदाय के बीच बड़ी वारदात होने से टला 

मधेपुरा से मुकेश कुमार सिंह की दो टूक---->> अभी पाकिस्तान की काली करतूतों से जहां पूरा देश उबल रहा है वहीं आपसी भाईचारा भी कुलाचें भर रहा है ।ऐसे में हिन्दू--मुस्लिम भाई की किसी बात पर टकराहट बड़े नुकसान की गवाह बन सकता है ।
मधेपुरा जिले के बिहारीगंज में माँ दुर्गे की मूर्ति  विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई ।कल रात जहाँ आक्रोश में कुछ घंटे मूर्ति विसर्जन को रोक दिया गया और पुलिस--प्रशासन के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी की ।यही नहीं एक समुदाय का आक्रोश इतना जबरदस्त था की स्थिति को सँभालने गए एसडीओ और एसडीपीओ के वाहन को भी उग्र भीड़ ने आग के हवाले कर दिया ।स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी ।जिस घटना से परहेज की पूरी तैयारी की गयी थी,उसपर पलीता लग रहा था ।स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए,बिना समय गंवाए मौके पर मधेपुरा डीएम, एसपी,सांसद और विधायक पहुंचे और बहुत मशक्कत के बाद उन्होनें लोगों को समझाने में कामयाबी पायी ।तब जाकर किसी तरह मूर्तियों का विसर्जन किया गया ।पुलिस--प्रशासन ने रात की घटना से सबक लिया है ।बिहारीगंज मार्केट में बड़ी संख्यां में पुलिस बल मौजूद है ।जाहिर सी बात है की यह आज मुहर्रम है और उसी को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ।

मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए विवाद के पीछे आखिर वजह क्या थी ?इसे हमने जद से खंगालने की कोशिश की ।हमें जो जानकारी मिली उसके मुताबिक़ तनाव नवमी की रात ऑर्केस्ट्रा के दौरान शुरू हुआ जब बिहारीगंज के कुस्थन के रहने वाले एक युवक ने आर्केस्ट्रा कलाकार के साथ वहां ओछी हरकत शुरू कर दी ।लोगों ने पहले तो इसका विरोध किया लेकिन तनाव बढ़ने पर उक्त युवक के साथ जमकर मारपीट कर दी गई ।पुलिस ने उस युवक को अपने कब्जे में लिया और ईलाज करवाकर उसे छोड़ दिया ।बताया जाता है कि मार खाया युवक जख्मी शेर बन चुका था और उसने अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष को धमकाना शुरू कर दिया और बीती रात दूसरे पक्ष के एक युवक के साथ उनलोगों ने मारपीट की घटना को अंजाम दे दिया ।उसके बाद तनाव काफी बढ़ गया और लोगों ने कुछ घंटे के लिए रेलवे दुर्गा पूजा समिति,बिहारीगंज और बड़ी दुर्गा स्थान बिहारीगंज की मूर्ति विसर्जन रोक दिया ।घटना बड़ी घट सकती थी ।लेकिन पुलिस--प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधि की समय रहते मुस्तैदी ने एक काला इतिहास बनने से रोक दिया ।

 मूर्ति विसर्जन में विवाद और मुहर्रम को देखते हुए जब बड़े अधिकारी हंगामा शांत कराने मौके पर पहुंचे तो आक्रोशित भीड़ ने गांधी चौक पर एसडीओ औए सुभाष चौक पर एसडीपीओ की गाड़ी में आग लगा दी ।आनन-फानन में पहुंची दमकल की गाड़ी ने किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी ।गाड़ी पूरी तरह जलकर बर्बाद हो चुकी थी ।जानकारी मिली की बिहारीगंज थानाध्यक्ष के रामपुर में दो पक्षों के बीच तनाव सुलझाने में व्यस्त रहने के कारण कनीय अधिकारी स्थिति को तुरंत सँभालने में असमर्थ रहे ।बाद में मधेपुरा डीएम मो० सोहैल, एसपी विकास कुमार, एएसपी राजेश कुमार, सांसद पप्पू यादव और स्थानीय विधायक निरंजन मेहता ने जाकर लोगों को समझाया तब जाकर किसी तरह मूर्तियों का विसर्जन किया गया ।हांलांकि फौरी कार्रवाई से तत्काल मामले को शांत करा किया गया है लेकिन इलाके में तनाव अभी भी व्याप्त है ।किसी भी नाजुक स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्यां में पुलिस मौके पर कैम्प कर रही है ।
इस घटना को कहीं से भी छोटी घटना नहीं कहेंगे ।निश्चित रूप से पुलिस--प्रशासन की चूक इस घटना में झलक रही है ।ऐसे मौके पर महाभारत के संजय की तरह दृष्टि रखनी होगी ।वर्ना सतर्कता हटी और दुर्घटना घटी ।फिर उसका दंश लंबे समय तक झेलते रहिये ।कोशिश ऐसी होनी चाहिए की किसी भी सूरत में घटना घटे ही नहीं ।कोई भी पर्व और त्यौहार बिना प्रेम,भाईचारे,सहयोग, समर्पण और त्याग के सम्भव नहीं है ।ऐसे में थोड़ी सी नादानी नासूर ना बन जाए ।सबसे बड़ी जिम्मेवारी अवाम की है की वे अपने रिश्ते को मजबूत और प्रेम रस में डुबोकर रखें ।आपसी रिश्ता अपनेपन से लवरेज हो ।फिर पुलिस--प्रशासन के अधिकारियों को चाहिए की वे अपने कनीय कर्मियों से पल--पल संवाद बनाये रखें और कहीं भी विवाद को बढ़ने से पहले ही पाट लें ।यानि फुंसी को भगंदर ना बनने दें ।

*अपनी बात*

अपनी बात---थोड़ी भावनाओं की तासीर,थोड़ी दिल की रजामंदी और थोड़ी जिस्मानी धधक वाली मुहब्बत कई शाख पर बैठती है ।लेकिन रूहानी मुहब्बत ना केवल एक जगह काबिज और कायम रहती है बल्कि ताउम्र उसी इक शख्सियत के संग कुलाचें भरती है ।