दिसंबर 08, 2012

थाना इन्साफ के मंदिर की जगह माल--चुआऊ मंडी में तब्दील

मुकेश कुमार सिंह,सहरसा टाइम्स:
नवहट्टा थानाध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते लोग
वर्षों से बदनामी का सेहरा बांधे सहरसा पुलिस एक बार फिर कटघरे में खड़ी दिख रही है।यूँ तो दाग पुरे पुलिस कुनबे को लगे हुए हैं लेकिन गुरुवार के दोपहर बाद नवहट्टा थाना के थानाध्यक्ष के खिलाफ लोगों का ना केवल गुस्सा फूटा बल्कि लोग सड़क पर उतरकर उनके खिलाफ पहले तो जमकर नारेबाजी की और फिर एस.पी ऑफिस के सामने धरने पर बैठ गए।धरना स्थल पर भी लोग नवहट्टा थानाध्यक्ष के खिलाफ घंटों जमकर नारेबाजी करते  रहे।लोग अगिया--बेताल थे और थानाध्यक्ष पर पैसे लेकर निर्दोष लोगों पर झूठा मुकदमा दर्ज करने और कोई मामला दर्ज करवाने और उस मामले में  वाजिब धाराएं लगाने के लिए पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगा रहे थे।एक बजे दिन से लोग एस.पी ऑफिस के सामने बबाल काट रहे थे।एस.पी किसी कार्य से जिला मुख्यालय से बाहर थे।ऐसे में मामले की तहकीकात करने और लोगों की शिकायत सुनने एस.डी.पी.ओ मौके पर पहुंचे और लोगों को जांच कर न केवल उचित कारवाई का भरोसा दिया बल्कि पूरा का पूरा इन्साफ होगा इसकी भी गारंटी दी। आंदोलित लोग पुलिस की कार्यशैली पर बड़े--बड़े प्रश्न खड़े कर रहे हैं।थाने में पैसे दो और किसी पर झूठा मुकदमा करवा लो। थाने में दफा के लिए बोली लगती है। थाना इन्साफ के मंदिर की जगह एक माल--चुआऊ मंडी में तब्दील है। सत्ताधारी जदयू के नवहट्टा प्रखंड अध्यक्ष  बता रहे हैं की थाना में पैसे लेकर गलत मुकदमा दर्ज किया जाता है। अगर किसी पार्टी की मज़बूरी में बिना पैसे का काण्ड दर्ज हो जाता है तो उस मामले में वाजिब धाराएं नहीं लगाई जाती हैं।
सहरसा पुलिस मनमौजी है।उसे किसी का कोई डर--भय नहीं है।यहाँ की पुलिस के कामकाज का तरीका गुंडे और मवाली जैसा है।आगे देखने वाली बात यह होगी की इन पीड़ितों के साथ कैसा न्याय और आरोपी नवहट्टा थानाध्यक्ष पर कैसी कारवाई होती है।

मुहब्बत में अंधी हुयी दो लडकियां

मुकेश कुमार सिंह,सहरसा टाइम्स :
संध्या कुमारी, दीपिका कुमारी
यह नजारा है सहरसा के आलिशान आदर्श थाने का।थाने के ये दोनों लडकियां गुमला जिले की अलग--अलग जगहों की है।दोनों लड़कियों में से पहली दीपिका कुमारी गुमला जिले के गिरिरा कुम्हार टोली की तो दूसरी सध्या कुमारी केसीपाड़ा की रहने वाली है।अब हम कहानी को तफसील से बताने जा रहे हैं।संध्या के मोबाइल पर एक दिन एक मिस कॉल आया।यह मिस कॉल मधेपुरा जिले के आलमनगर के रहने वाले मोहम्मद राजू का था।मिस कॉल ने गुल खिलाया और संध्या न चाहते हुए भी मोबाइल पर राजू से बात करने लगी।धीरे--धीरे प्यार हिचकोले लेने लगा।सीने के भीतर आग सुलग चुकी थी।छः महीने तक बातचीत का सिलसिला चला।दोनों मोबाइल पर जीने मरने की कसमें खाने लगे।फिर क्या था दोनों ने शादी करने की ठान ली।इसी समय दीपिका की इंट्री होती है।एक दिन अचानक गुमला के एक बाजार में दीपिका संध्या से टकराती है।दोनों के बीच पहली मुलाक़ात में ही ढेर सारी बातें हुयीं।ये दोनों भी आपस में दोस्त हो गए और अपने दिल की बातें एक दुसरे को बताने लगे। दीपिका कुछ दिनों के लिए दिल्ली गयी थी जहां एक घर में वह काम करती थी।उसी दौरान उसकी पहचान विजय नाम के एक युवक से हुयी जो दिल्ली के खानपुर का रहने वाला है और वहीँ पर काम करता है।दीपिका वापिस गुमला लौट आई थी लेकिन उसके पास विजय का मोबाइल नंबर था।फिर शुरू हुआ बातचीत का सिलसिला।दीपिका भी मुहब्बत में बाबली हो चुकी थी।इधर जब संध्या मिली तो दोनों सखियों ने फैसला लिया की वे दोनों अपने--अपने प्यार को पाकर रहेगी।फिर दोनों ने मिलकर मास्टर प्लान बनाया और गुमला अपने घर से भाग निकली और सहरसा पहुँच गयी।गुमला से भागने से पहले संध्या ने इसकी सुचना राजू को दे दी थी की वह मधेपुरा से सहरसा पहुँच जाए।
मोहम्मद राजू
सहरसा में मोहम्मद राजू पहले से मौजूद था।यहाँ से ये लोग दिल्ली रवाना होते लेकिन पुलिस बीच में विलेन बनकर खड़ी हो गयी।अब इधर संध्या प्यार की सारी कहानी तो बता रही है लेकिन वह यह भी कह रही है की वह अपने घर जाना चाहती है।संध्या अब राजू से शादी करना नहीं चाहती है।उसका कहना है की राजू के घर वाले तैयार नहीं हैं इसलिए वह उससे शादी नहीं करेगी।दीपिका की बिमारी संध्या से  अलग है।उसकी मानें तो वह विजय से ही शादी करेगी।विजय उससे शादी करने के लिए तैयार है।संध्या के शादी के इनकार की एक बड़ी वजह हमारी समझ से राजू का मुस्लिम होना और उसका कद---काठी बेहतर नहीं होना भी प्रतीत होता है।वैसे अब तो सब कुछ पुलिस के अनुसंधान पर निर्भर करता है।इस मामले में एक ख़ास बात यह भी है की दोनों लड़कियां कह रही हैं की वे घर से भागी नहीं है बल्कि अपने घर वालों से पूछकर आई हैं।
मामला दुसरे राज्य से भागकर आई लड़कियों का है।पुलिस इस मामले को काफी गंभीरता से ले रही है।लड़कियों के परिजनों से पुलिस ने बातचीत की है जिसमें भागी हुयी लड़कियों के परिजनों ने लड़कियों के घर से भागने की पुष्टि की है।दोनों लड़कियों के परिजन गुमला से सहरसा के लिए कूच कर चुके हैं।पुलिस अधिकारी का कहना है की लड़की को शादी का झांसा देकर बुलाया गया है।सदर थाना में काण्ड दर्ज कर पुलिस अनुसंधान करने की बात कर रही है।जाहिर सी बात है की पुलिस अधिकारी इस मामले को लड़की के खरीद फरोख्त की नजर से देख रहे हैं।
प्यार में कुछ भी संभव है।इतिहास गवाह है की प्यार में बिकने और लुटने के अनेकों ऐसे अनगिनत किस्से हैं जो रूह को थर्रा जाते हैं।इस मामले में लड़कियों के परिजनों के सामने आने के बाद कुछ और राज पर से पर्दा उठेगा।अभी किसी तरह के अंजाम का कयास लगाना जल्दबाजी होगी।

गोली मारकर पति ने पत्नी की ह्त्या की

 एक सरफिरे पति ने मायके में रह रही अपनी पत्नी को तीन गोली मारकर उसकी ईहलीला खत्म कर दी।घटना गुरुवार के सुबह साढ़े आठ बजे की है।सोनवर्षा राज थाना के बेला गाँव का रहने वाला सरफिरा पति कैलू यादव हथियार से लैस होकर अपनी पत्नी के मायका सोनवर्षा कचहरी थाना के दुधैला गाँव पहुंचा और घर में घुसकर अपनी 30 वर्षीय पत्नी बिन्जू देवी को ताबड़तोड़ तीन गोली मार दी और वहाँ से फरार हो गया।गंभीर रूप से जख्मी बिंजू को ग्रामीणों ने ईलाज के लिए अस्पताल लाया जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।मृतका के परिजन बताते हैं की कैलू ने दो शादी कर रखी थी।बिन्जू उसकी दूसरी पत्नी थी जिसको दो बेटे हैं।पिछले एक साल से कैलू और बिन्जू के बीच झगडा चल रहा है जिस कारण दोनों अलग--अलग रह रहे थे।बिन्जू दिल्ली में रहकर काम करती थी।वह छठ में अपने मायका आई थी जहां उसके दोनों बेटे रहकर पढ़ते हैं।पुलिस इस मामले में एक तरफ जहां लाश का पोस्टमार्टम करवा रही है वहीँ थाना में ह्त्या का मामला दर्ज कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।
सुबोध यादव,जांच अधिकारी,सदर थाना,सहरसा  मृतका के परिजनों का बयान लेने में जुटे हैं।वे पहले लाश का पोस्टमार्टम करा रहे हैं।ह्त्या के कारण को लेकर भी वे बता रहे हैं।उनकी मानें तो ह्त्या का मामला दर्ज कर आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।बिन्जू इस दुनिया से कूच कर चुकी है।भगवान् जाने हत्यारे कैलू की कब गिरफ्तारी होगी और बिन्जू के दो मासूम बच्चों का क्या होगा।    

दिसंबर 05, 2012

एक रोते---बिलखते झील का दर्द देखो सरकार


क्रिकेट पिच में तब्दील झील 
मुकेश कुमार सिंह,सहरसा टाइम्स : यह है सहरसा का मत्स्यगंधा झील.वर्ष 1996 में इस झील का निर्माण तत्कालीन जिलाधिकारी,सहरसा टी.एन.लाल दास के महती प्रयास से कराया गया था.करीब एक करोड़ के सरकारी धन और लाखों रूपये के जन सहयोग से इसका निर्माण हुआ था.तब बिहार के मुख्यमंत्री रहे लालू प्रसाद ने इस झील का उदघाटन बड़े तामझाम से दो मार्च 1997 को किया था.अपने शुरूआती समय में यह झील इस क्षेत्र सहित पुरे राज्य में आकर्षण का केंद्र बना हुआ था.यहाँ कोसी प्रमंडल और सीमावर्ती कई जिले के लोगों के साथ--साथ पड़ोसी देश नेपाल सहित देश के विभिन्य प्रान्तों से भी थोक में पर्यटक आते थे.इस झील में सुबह से लेकर देर शाम तक लगातार नौका विहार होता था.प्रेम पंछियों की किलकारियां गूंजती थी.क्या बच्चे,क्या बूढ़े,और क्या जवान.महिलायें भी यहाँ आकर एक तरह से उत्सव का आनंद उठाती थीं.पानी से लबालब रहने वाले इस झील की छंटा देखते ही बनती थी.लेकिन आज आलम यह है की सभी सुहाने दिन गुजरे समय की बात बनकर रह गयी है.यह झील पूरी तरह से मजाक बनकर रह गयी है।इलाके के बच्चे और नौजवान इस झील के अन्दर क्रिकेट पिच बनाकर न केवल क्रिकेट खेलते हैं बल्कि टूर्नामेंट तक करवाते हैं।यानी यह झील,झील तो नहीं बनी रह सकी लेकिन यहाँ पर कई तरह के काम जरुर हो रहे हैं।
बड़ी कम उम्र महज 8 वर्ष में ही इस झील की मौत हो गयी.वर्ष 2004 से ही यहाँ मुरघती सन्नाटा है.झील के बीच बने पानी उगलने वाले झरने का मुंह बन्द है.नक्काशीदार बनी पत्थर की मूर्तियाँ क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं.बैठने वाले चबूतरे जमींदोज हो रहे हैं.नौकाएं टूट-फुटकर कराह रही हैं.अब पानी का एक कतरा भी नहीं हैं इस झील में.चारों तरफ जंगल उग आये हैं.यहाँ बेख़ौफ़ होकर पशु विचरण करते हुए लजीज चारा का तुत्फ़ उठा रहे हैं.लोग यहाँ आकर पुराने सुनहरे और हंसी दिन को याद कर महज उदास होते हैं और सरकार के साथ-साथ जिला प्रशासन को जमकर कोसते हैं.बताना लाजिमी है की इस झील के दिन बहुरे इसके लिए सहरसा टाइम्स ने लाख जतन किये हैं।कई बार इस झील को लेकर प्रमुखता से खबर इस उम्मीद में लिखी है की सरकार इसे गंभीरता से लेगी और इसे सजाने---संवारने की पहल करेगी।लेकिन हमारी कोशिशों का नतीजा भी आजतक सिफर ही निकला है।बताना लाजिमी है की पिछले साल 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री कई मंत्रियों और आला अधिकारियों के साथ खुद मत्स्यगंधा झील का निरीक्षण करने पहुंचे थे।मुख्यमंत्री ने उस वक्त इस झील को न केवल पहले से बेहतर बल्कि देश स्तर का मनोरम झील बनाने की घोषणा की थी।लेकिन उनकी घोषणा के साल भर बाद भी यह झील रोता---बिलखता अपने पुराने बदनुमा शक्ल में है जो लोगों को ना केवल मुंह भर चिढ़ा रहा है बल्कि लोगों को जद से डरा भी रहा है।
प्रशासन के हाकिम विगत कई वर्षों से लोगों को बस इस झील के जल्द जीर्णोधार किये जाने की घूंटी पिला रहे हैं.वे अभी मुख्यमंत्री के दौरे के बाद झील को लेकर बहुत काम किये जाने का प्रलाप कर रहे हैं।इनकी माने तो इस झील में चार मौजे की जमीन है।तीन मौजे की जमीन के मुआवजे का भुगतान हो चुका है।एक मौजे की जमीन के मुआवजे के लिए बिहार सरकार से राशि प्राप्त हो चुकी है।छः महीने के भीतर झील को बेहतर बना लिया  जाएगा।अधिकारी यह भी बता रहे हैं की इस झील की जिम्मेवारी अब राज्य पर्यटन विभाग के जिम्मे है।विभाग ने इस झील का डीपीआर तैयार कर लिया है।यानी आगे सबकुछ बेहतर करने के उनके और सभी तरह के प्रयास जारी हैं।
 एक मनोरम और लोगों को अपनी ओर खींचने वाला झील आज लोगों को डरा रहा है.तकलीफों से सने जीवन में दो पल सुकून के बटोरने यहाँ लोगों का हुजूम उमड़ता था लेकिन यहाँ तो अब सब कुछ फ़ना हो गया है.बस इस झील की यादें ही शेष रह गयी हैं.जाहिर तौर पर मुख्यमंत्री की झील के मामले में घोषणा पूरी तरह से डपोरशंखी और लफ्फाजी साबित हुआ है।इस खबर से सहरसा टाइम्स एक बार फिर इस झील की तस्वीर आमजन से लेकर सूबे के मुखिया नीतीश कुमार को इसलिए दिखा रहा है की एक तो उनको अपनी घोषणा के हस्र का पता चल सके और दुजा इस झील के दिन बहुरें,इसके लिए पुख्ता इंतजाम भी हो सके।बांकी सब रब के हाथों है।

दिसंबर 01, 2012

लालू के आने की धमक

 रिपोर्ट चन्दन सिंह: परिवर्तन यात्रा के दौरान आगामी 2 दिसंबर को सहरसा में आयोजित होने वाली लालू की सभा को लेकर राजद नेता--कार्यकर्ता में ना केवल खासा उत्साह है बल्कि वे इस यात्रा को हर हाल में बेमिसाल और एतिहासिक बनाने में दिन---रात एक किये हुए हैं।पुरे जिले की बात करें तो एक तरह से लालू के आने की धमक हर तरफ साफ--साफ  सुनाई दे रही है।गाँव--देहात से लेकर चौक---चौराहे पोस्टर,बैनर और तोरणद्वार से पटे हुए हैं।यहाँ का नजारा देखकर लगता है की राजद कार्यकर्ताओं ने चहुँदिश पोस्टर वार छेड़ दिया है।इसमें कोई शक नहीं है की इस कार्यक्रम में राजद कार्यकर्ता किसी तरह की कोई कोताही बरतने के मुड में नहीं है।जाहिर तौर पर लालू की सभा में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।लेकिन इन तमाम ताम--झाम और कवायद को लेकर बड़ा सवाल यह है की सभा में उमड़ने वाली भीड़ आगामी चुनावों में वोट में किस तरह और कितनी तब्दील होती है।गाँव--देहात से लेकर जिला सह प्रमंडलीय मुख्यालय सहरसा के हर चौक--चौराहे पर बैनर--पोस्टर चारों तरफ पटे पड़े हैं।राजद ने यहाँ एक तरह से पोस्टर वार छेड़ रखा है।सहरसा के शहरी क्षेत्र की बात करें तो गंगजला चौक,महावीर चौक,रिफ्यूजी चौक,तिवारी टोला,सहरसा बस्ती,मीर टोला,शंकर चौक,थाना चौक,गांधी पथ,कुंवर सिंह चौक,अम्बेडकर चौक,दहलान चौक,चांदनी चौक से लेकर कमोबेस सारा इलाका पोस्टर वार की चंगुल में है।विभिन्य तरह के स्लोगन के साथ बैनर--पोस्टर में क्षेत्रीय नेता अपने बड़े नेताओं के साथ जनता से अपील करते दिख रहे हैं।
सारा आलम बता रहा है की यहाँ पर सभा को एतिहासिक और बेमिसाल बनाने की पुरजोर कवायद चल रही है।राजद नेताओं का समवेत कहना है की जनता नीतीश सरकार से अब उब चुकी है और परिवर्तन चाह रही है।लोग स्वस्फूर्त लालू की सभा में आ रहे हैं।जाहिर तौर पर आने वाले समय में बिहार में लालू--राबड़ी की सरकार बनेगी।
इसमें कोई शक नहीं है की कोसी का यह इलाका राजद का गढ़ रहा है।अभी भी सहरसा के महिषी विधानसभा से अब्दुल गफूर राजद के विधायक हैं।जाहिर तौर पर सत्ता सुख से दूर रह रहे लालू प्रसाद इस परिवर्तन यात्रा के बहाने न केवल अपनी खोयी हुयी राजनीतिक जमीन तलाशना चाह रहे हैं बल्कि नए सिरे से अपनी राजनीति की दमदार पारी का आगाज भी करना चाह रहे हैं।इसमें कोई शक नहीं है की आगामी 2 दिसम्बर की उनकी सभा में भारी भीड़ उमड़ेगी लेकिन यह भीड़ आगामी चुनावों में वोट में कितना तब्दील होगी,यह देखना दिलचस्प होगा।वैसे हम आपसे यह कहना चाह रहे हैं की सूबे की जनता लगातार सरकारी और गैर सरकारी यात्राओं का दंश झेल रही है।इन यात्राओं से जनता का कहीं से भी भला होता नहीं दिख रहा है।रब जाने की इन यात्राओं से सूबे की जनता को कब निजात मिलेगी।

नवंबर 23, 2012

मातम में डूबा पूरा गाँव

मुकेश कुमार सिंह : पुलिस की हीला--हवाली और लापरवाही की वजह से एक परिवार का दीपक हमेशा के लिए बुझ गया।18 नवम्बर को सहरसा से अगवा हुए दीपक की ह्त्या कर लाश को पुर्णिया जिले के सरसी थाना के मझुआ गाँव के एक गड्ढे में फेंक दिया गया था जिसकी शिनाख्त कल मृतक के परिजनों ने सरसी जाकर की।दीपक की लाश बीती देर रात उसके गाँव मुरली वसंतपुर पहुंची।लाश गाँव पहुँचते ही पुरे गाँव में मातम की सुनामी आ गयी।पुलिस अधिकारी अपनी लापरवाही पर पर्दा डालते हुए अब प्रेम प्रसंग या फिर कमीशन पर चेन्नई में इंजीनियरिंग में एडमिशन कराने के धंधे को ह्त्या की वजह बता आगे उचित कारवाई की बात कर रहे हैं।
  मृतक के घर के बाहर भारी भीड़ जमा है और हर कोई एक दुसरे से आँखों ही आँखों में यह सवाल करता दिख रहा है की आखिर यह क्यों और कैसे हो गया।चारों तरफ चीख और चीत्कार की आवाज गूंज रही है।आँखें यहाँ आंसुओं से तर और सीने चाक हो रहे हैं।दीपक घर का इकलौता चिराग था जो एक झटके में बुझ गया।मृतक के परिजन रो-रो कर बस विलाप किये जा रहे हैं।बहन,माँ और चाची सब बस यही कह रही हैं की दीपक के हत्यारे को ढूंढ़ कर ला दीजिये।दीपक को इन्साफ दिलवाईये।दीपक की माँ अरहुलिया देवी मातमी गीत के लहजे में अपने दर्द को बयां कर रही है।सच में पूरा घर और गाँव मातम में डूबा हुआ भगवान् को भी रोने को विवश कर रहा है।
अजीत सत्यार्थी,एस.पी,
सहरसा
 ह्त्या जैसी घटना घटी हो तो सियासी लोग सियासत करने से कहाँ बाज आने वाले।महिषी राजद विधायक अब्दुल गफूर भी दल-बल के साथ पीड़ित से मिलने पहुँच गए।उनका कहना है की इस बात की जानकारी लालू प्रसाद से लेकर राम विलास पासवान तक को है।वे हत्यारे तक पहुँचने के लिए हर संभव मदद के लिए कटिबद्ध हैं। पुलिस के अधिकारी इस मामले में पुलिस की लापरवाही मानने को बिलकुल तैयार नहीं हैं।पुलिस अधीक्षक का कहना है की ह्त्या की दो वजह हो सकती है।पहला प्रेम प्रसंग या फिर दूसरा कमीशन पर चेन्नई में इंजीनियरिंग में एडमिशन कराने का धंधा।बताना लाजिमी है की दीपक इस इलाके के लड़कों को डोनेशन पर चेन्नई में एडमिशन भी कराता था।खुद दीपक बी.आई.टी मेसरा,रांची में इन्व्रामेंटल साईंस और इंजीनियरिंग फेकल्टी का फाईनल ईयर का छात्र था। घर का इकलौता चिराग जब बुझ गया हो तो उस घर का आलम क्या होगा,इसे समझा जा सकता है।पुलिस ने अनुसंधान में देरी की है,यह एक सच है।अब दीपक इस दुनिया से कूच कर चुका है।अब पुलिस को उसके हत्यारे को ढूंढ़कर उसे सलाखों के भीतर पहुंचाने में किसी तरह की कोताही नहीं बरतनी चाहिए।

पुलिस की बेशर्म हीला---हवाली

 मुकेश कुमार सिंह  पुलिस की बेशर्म हीला---हवाली और पुलिस की बेशर्मी की इंतहा देखनी हो तो आप सीधे सहरसा चले आईये।बीते 18 नवम्बर से लापता  इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्र दीपक का अभीतक कोई सुराग नहीं मिला है,यह उसी की बानगी है।यहाँ दो थाने के बीच क्षेत्र विवाद में पुलिसिया तफ्तीश पूरी तरह से शिथिल पड़ी हुयी है।इधर पीड़ित के परिजन छात्र के अपहरण किये जाने और उसकी जान को ख़तरा बता रहे हैं।बताना लाजिमी है की सहरसा  के मुरली वसंतपुर गाँव का रहने वाला 26 वर्षीय बी.आई.टी मेसरा,रांची के अंतिम वर्ष का छात्र दीपक कुमार बीते 18 नवम्बर को अपने गाँव से सहरसा रेलवे स्टेशन स्थित RMS में रजिस्ट्री करने आया था लेकिन उसके बाद से वह अभीतक अपने घर नहीं लौटा है।लापता छात्र के परिजनों ने सदर थाना में इस मामले की लिखित शिकायत की लेकिन सदर थानाध्यक्ष ने उन्हें रेलवे का मामला बता कर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश की और उन्हें राजकीय रेल थाना भेज दिया,जहां इस मामले में गुमशुदगी का एक सनहा दर्ज किया गया।सहरसा पुलिस की बदमिजाज और बिगडैल रवैये से हलकान--परेशान पीड़ित के परिजन आज सैंकड़ों की तायदाद में ग्रामीणों के साथ एस.पी आवास के सामने धरने पर बैठ गए जहां उन्होनें सदर थानाध्यक्ष पर उन्हें बरगलाने और जिम्मेवारी से भागने का उनपर आरोप लगाया।
धरने पर बैठे लोगों का कहना था की जबतक छात्र की सकुशल बरामदगी नहीं होगी,वे जान दे देंगे लेकिन वहाँ से नहीं उठेंगे।सैंकड़ों लोग सुबह दस बजे से शाम तक धरने पर बैठे थे।पूरा माजरा समझते हुए सहरसा टाइम्स  ने एक बार फिर मामले में सिद्दत से दखल दिया।जाहिर तौर पर एस.पी ने सहरसा टाइम्स  की पहल के बाद इस मामले को न केवल गंभीरता से लिया बल्कि उन्होनें सदर थानाध्यक्ष को सदर थाना में मामला दर्ज कर गंभीरता से इस मामले का अनुसंधान करने का आदेश भी दिया।एस.पी के हस्तक्षेप और मामला सदर थाना में दर्ज किये जाने के बाद तत्काल लोग धरने पर से उठ गए।सहरसा पुलिस की एक बार फिर काली करतूत सामने आई है जो उसके नापाक चालों को बेपर्दा कर रही है।
बेलगाम अपराध पर लगाम लगाने में पूरी तरह से विफल सहरसा पुलिस अपनी बिगडैल और लापरवाह कार्यशैली की नयी इबारत लिखने में जुटी हुयी है।उसकी हीला--हवाली का खेल बदस्तूर जारी है।इस नापाक खेल में अगर इस छात्र की जान चली गयी तो इसकी जबाबदेही आखिर कौन लेगा।सोये तंत्र में अंधेरगर्दी मची है।सच मानिए,यह जिला अपराधियों और भगवान के रहमो--करम से चल रही है।

घर जलकर हुआ खाक

रिपोर्ट चन्दन सिंह : छठ पर्व में उगते सूर्य को अर्ग देने गए एक परिवार पर अग्नि देवता का बीते दिन  जमकर कहर बरपा।पूरा परिवार छठ घाट पर पर्व मनाने गया था और इस दौरान उसका घर धू--धू कर जल रहा था।बड़ी बात यह थी की मोहल्ले के अधिकाँश लोग भी पर्व मनाने छठ घाट पर ही गए थे।वे लोग विभिन्य घाटों से जबतक लौटकर आये तबतक घर जलकर खाक हो चुका था।घर में लगी आग को देखकर कुछ लोगों ने थाने तो कुछ ने अग्निशमन दस्ते को फोन किया।अग्न्मिशमन दस्ता आया भी लेकिन उसमें खराबी थी,इस वजह से उससे एक बूंद पानी भी नहीं टपक सका।फिर मोहल्ले के लोगों ने खुद से आग पर काबू पाया।सदर थाना के भवानी नगर में किराना की दूकान चलाने वाले विरेन्द्र झा के घर आग लगी थी जिसमें करीब चार लाख की संपत्ति जलकर ख़ाक होने का अनुमान है।पीड़ित परिवार का सबकुछ जलकर ख़ाक हो चुका है।सदमें में पूरा परिवार रो--रोकर बेदम है। आग ने देखते ही देखते एक परिवार को बेघर और कंगाल करके सड़क पर ला दिया।  विरेंद्र झा के घर का सारा सामान खाक हो चुका है।न पहनने के लिए कपडे और न खाने के लिए अन्न का एक दाना बचा है।नकदी और गहने भी जलकर ख़ाक हो गए हैं।पूरी तरह से यह परिवार फ़क़ीर हो चुका है।
एक परिवार पूरी तरह से खानाबदोश हो चुका है।सरकारी मदद के नाम पर खानापूर्ति हो चुकी है।अब मोहल्ले वाले इस परिवार को इस बड़ी आफत से उबारने के लिए कमर कस चुके हैं।लोग इस उजड़े परिवार की मदद में आगे भी आ रहे हैं।देखना दिलचस्प होगा की समाज इस परिवार के लिए कितना कारगर साबित होता है।

नवंबर 22, 2012

अपने शहर के सदर अस्पताल को जानिए

एक्सक्लूसिव डाटा सिर्फ सहरसा टाइम्स पर 
रिपोर्ट चन्दन सिंह कोसी प्रमंडल के PMCH कहे जाने वाले सदर अस्पताल में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियो की (दो माह पहले की स्थिति) स्थिति के बारे में ब्यौरा. 50 के दशक का बना यह अस्पताल 25 बेडों से शुरू हुआ.अस्सी के दशक में बेडों की संख्यां बढ़कर 96 हुई.फिर उसके बाद आज यह 240 बेडों वाला अस्पताल बन चुका है.करीब 30 एकड़ भूखंड पर पसरे इस अस्पताल में अनगिनत भवन हैं.
बताना लाजिमी है की 80 के दशक में जब इस अस्पताल में 96 बेड थे तब यहाँ 25 चिकित्सक,3 फार्मासिस्ट,4 ड्रेसर,2 ओटी बाबू,22 ए ग्रेड नर्स के पद सृजित थे.आज अस्पताल में ना केवल बेडों की संख्यां काफी बढ़ गयी है बल्कि अस्पताल में मरीजों की संख्यां में भी भारी इजाफा हुआ है.जाहिर तौर पर स्वास्थ्यकर्मी और चिकित्सकों की संख्यां में इजाफा किया जाना चाहिए.लेकिन वर्तमान में अभी महज 10 चिकित्सक,3 फार्मासिस्ट,4 ड्रेसर,ओटी बाबू एक भी नहीं और17 ए ग्रेड नर्स हैं.यही नहीं वार्ड बॉय 21 और महिला कक्ष सेविका की संख्यां 23 है.भण्डारपाल एक भी नहीं है.ओटी असिस्टेंट एक भी नहीं है.हद बात वतो यह है की इस अस्पताल में एक भी COMPOUNDER नहीं है.इसमें से भी चिकित्सक महोदय हों या फिर कर्मी छुट्टी से लेकर अन्य कार्यों में भी व्यस्त रहते हैं.आप समझ सकते हैं की यहाँ किस तरह इलाज चल रहा होगा.इस अस्पताल में कम से कम 40 चिकित्सक,6 फार्मासिस्ट,16 ड्रेसर,6 ओटी बाबू,60 ए ग्रेड नर्स,वार्ड बॉय 60,महिला कक्ष सेविका 30,भण्डारपाल 1,ओटी असिस्टेंट 4 और 20 COMPOUNDER की कम से कम जरुरत है.

नवंबर 09, 2012

गुम हो रहे कुम्हार के दिए

मुकेश कुमार सिंह,सहरसा: बिजली की चकाचौंध और चीनी भूक---भूक बत्तियों से पटे आज के बाजार से कुम्हारों के दिए बनाने के पुस्तैनी कारोबार पर ग्रहण लगने लगा है।दिवाली और छठ के मौके पर कुम्हारों के बनाए दिए,चुक्के और अन्य मिटटी के बर्तनों से जहां पूजा--पाठ और त्यौहार के मद्देनजर सजावटी काम बड़े उत्साह और समर्पण के साथ किये जाते थे वहीँ इस उद्यम से कुम्हारों का भी अच्छा कारोबार हो जाता था।लेकिन आज बिजली की चकाचौंध ने दिए और चुक्के के पुरे कुनबे को ही एक तरह से लील लिया है।अमूमन हर बाजार में चीनी चकमक से सजे बिजली के झालर और जुगनुओं से सजे अन्य सामान भरे रहते हैं।ख़ास बात यह है की आधुनिकता में और पर्यावरण में प्रदुषण के नाम पर लोग खासकर दीपों के महापर्व पर दिए और चुक्के के प्रयोग से न केवल अब कतराने लगे हैं बल्कि बिजली के जुगनुओं से पर्व को भी फ़टाफ़ट अंदाज पर मनाने का दृढ मन भी बना चुके हैं।जाहिर तौर पर लोगों के बदले मिजाज और बाजार पर चढ़े नए रंग से आज कुम्हारों के पुस्तैनी कारोबार पर न केवल ग्रहण लग रहा है बल्कि उनके पेट पर भी बड़ा ख़तरा मंडरा रहा है।जिस दिया--बाटी और चुक्के से कुम्हारों के एक मुश्ते साल भर की कमाई होती थी वह धंधा आज बंद होने के कगार पर है।सही मायने में आब चीनी चकमक से गुम हो रहे हैं कुम्हार के दिए.
                              
दीपों का अनूठा और महान महापर्व दिवाली सामने है।यह वह पर्व है जिसके आने का जहां आमलोग हर्ष और उल्लास के इजहार से पर्व मनाने के लिए इसका इन्तजार करते हैं वहीँ समाज का एक तबका कुम्हारों का ऐसा है जो अपने घर परिवार की गाड़ी बेहतर तरीके से खिंच सके इसके लिए इन्तजार करते हैं।दीया--बाती,चुक्के और अन्य मिटटी का सामान चाक पर गढ़के कुम्हार दिवाली के मौके पर साल भर की कमाई कर लेते थे।इस पर्व के मौके पर हुयी कमाई से इन कुम्हारों के परिवार के दिन कुल--मिलाकर अच्छे कटते थे।लेकिन विगत कुछ वर्षों से कुम्हारों के पुस्तैनी कारोबार चीन निर्मित झालर और बिजली के सामानों से खासे प्रभावित हैं।लोग पहले दिवाली में घी के दिए जलाते थे लेकिन समय बदला और लोग पहले सरसों तेल फिर किरासन तेल से काम चलाने लगे।अब वह समय भी लगभग जाने को है।लोग बदले परिवेश में पर्व--त्यौहार को भी बस मना देने के अंदाज में मनाने लगे हैं।बाजार में बिजली के जुगनुओं की भरमार है जिसे अपने घर में सजा कर लोग दीया और चुक्के से एक तरह से परहेज करने लगे हैं।जाहिर सी बात है इससे कुम्हारों के पेट पर लात पर रही है।चाक पर कुम्हार के घर की महिलायें और मासूम नौनिहाल भी दीया,चुक्का और मिटटी के अन्य बर्तन बनाते हैं। घर की महिलायें कह रही हैं की अब उनके द्वारा बनाए गए सामानों के खरीददार काफी कम हो गए हैं।सरकार भी उनकी कोई मदद नहीं करती है।घर का चुल्हा सालों भर ठीक से जल पाना भी अब मुश्किल है।
अपने पुस्तैनी कारोबार की विरासत को संभाले उमेश पंडित चाक घुमा--घुमाकर दीया और चुक्के तो बना रहे हैं लेकिन बेमन से।दिवाली के मौसम में बस कुछ दिए और अन्य मिटटी के सामान वे बनाते हैं लेकिन वह भी बिकना मुश्किल हो जाता है।इस कारोबार के अलावे वे मजदूरी करते हैं तो जाकर दो वक्त की रोटी का इंतजाम हो पाता है।क्या करें पुश्तैनी कारोबार है,इसे छोड़ भी नहीं सकते।यानी उमेश पंडित यह कारोबार को बस ढ़ोने का धर्म निभाते दिख रहे हैं।
                                                            घर का चुल्हा कहीं खामोश न हो जाए,इससे लिए अंगीठी को जलाए रखने की कोशिश में मासूम नौनिहाल भी चाक चलाने के लिए मजबूर है। जिस मासूम उँगलियों में कलम और नन्हे हाथों में किताबें दबी होनी चाहिए वह चाक पर अपनी किस्मत को दौड़ा रहा है।मासूम जीतन विरासत में मिली गरीबी को चाक घुमाकर दूर करने की भागीरथ कोशिश करता दिख रहा है।पूछने पर कहता है की वह गरीब है।पहले पेट की भूख मिटानी है।इस चाक चलाते मासूम के अल्फाज आपके सीने को चाक कर जायेंगे।
दुकानदार भी यह मान रहे हैं की अब दीया--बाती से दिवाली मनाने के दिन अब लद गए।चीन निर्मित झालर और जुगनुओं से दिवाली मनाने में ही अब लोगों को न केवल मजा आ रहा है बल्कि उसमें ही उन्हें अपना सोसल स्टेटस भी बढ़ा हुआ दिख रहा है।
समाज में अभी भी कुछ ऐसे लोग हैं जो दिए--चुक्के सहित अन्य मिटटी के बर्तन के इस्तेमाल से दिवाली मनाते हैं।लेकिन हालात ऐसे बन रहे हैं जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है की आने वाले कुछ वर्षों के भीतर कुम्हारों का यह पुश्तैनी कारोबार पूरी तरह से बंद हो जाएगा।चाक पर अपनी कारीगरी का जौहर दिखाने वाले ये कुम्हार आगे कौन सा धंधा अपनाकर अपने परिवार को चलायेंगे,अभी इसपर शब्द रखना बेमानी है।सहरसा जिले में डेढ़ लाख से ज्यादा की आबादी वाले कुम्हार परिवार पर आफत के घने बादल मंडरा रहे हैं।इस मसले पर सरकार पहले से ही खामोश दिख रही है।

*अपनी बात*

अपनी बात---थोड़ी भावनाओं की तासीर,थोड़ी दिल की रजामंदी और थोड़ी जिस्मानी धधक वाली मुहब्बत कई शाख पर बैठती है ।लेकिन रूहानी मुहब्बत ना केवल एक जगह काबिज और कायम रहती है बल्कि ताउम्र उसी इक शख्सियत के संग कुलाचें भरती है ।